



कई होटल व दुकानों के अतिक्रमण पर चला पीला पंजा
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। अतिक्रमण हटाओ अभियान टीम ने आज पोस्ट आॅफिस से लेकर मनसा देवी मंदिर की ओर जाने वाले रास्ते के मुख्य द्वार तक कच्चा पक्का अतिक्रमण जेसीबी से ध्वस्त किया। अतिक्रमण हटाओ टीम का नेतृत्व अपर जिलाधिकारी हरिद्वार ललित नारायण मिश्र व नगर पुलिस अधीक्षक ममता वोहरा कर रहे थे। अतिक्रमण हटाओ अभियान टीम ने नगर कोतवाली हरिद्वार की बाउंड्री वाल अतिक्रमण की हद पर आने पर तोड़ना शुरू की तो पुलिस के कुछ अधिकारियों ने अपर जिला अधिकारी ललित नारायण मिश्र से समय मांगते हुए स्वयं तोड़ने की बात कही गयी। जिसपर अपर जिलाधिकारी ने समय देते हुए जल्द से जल्द कोतवाली की बाउंड्री वाल हटाने की हिदायत दी। इसके बाद अतिक्रमण हटाओ टीम ने होटल पल्लवी निवास, मनसा देवी होटल, ब्रज निवास लाॅज सहित कई दुकानों के छज्जे तोडे गये। वहीं होटल मनसा देवी पर एक भाजपा के पूर्व पार्षद ने अतिक्रमण हटाओ अभियान टीम का विरोध् किया, लेकिन पार्षद की अपर जिलाधिकारी ने एक ना सुनी और उनके होटल के अतिक्रमण को ध्वस्त किया। इसके बाद अतिक्रमण हटाओं अभियान टीम पुराना टैक्सी स्टेण्ड से होते हुए बड़़ी सब्जी मण्डी के जाने वाले मार्ग पर बनी अवैध् दुकानों पर भी प्रशासनिक अधिकारियों के आदेश पर जेसीबी मशीन ने अवैध् दुकानों को ध्वस्त किया। मनसा देवी रोपवे मार्ग मुख्य गेट तक चले अभियान के बाद अतिक्रमण हटाओं टीम वापस लौट गयी। इसके आगे का अतिक्रमण अभियान बाद में शुरू किये जाने की बात कही जा रही है। अपर जिला अधिकारी ललित नारायण मिश्र ने बताया कि लोक निर्माण विभाग की टीम ने चिन्हिकरण करते हुए पूर्व में ही अवैध् कब्जे की जानकारी दे दी थी। लेकिन अतिक्रमणकारियों द्वारा अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो माननीय न्यायालय के आदेश के अनुपालन में उसे उसे हटाया जाएगा और कोई मोहलत नहीं दी जाएगी। अतिक्रमण अभियान टीम में लोक निर्माण विभाग के एसडीओ संजीव सैनी, आरपी नैथानी व नगर निगम के अधिकारी और भारी पुलिस फोर्स मौजूद थी।
