दोनों पक्षों की ओर से एक दर्जन लोग घायल
गांव में सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल तैनात
मुकेश वर्मा/ अजय नेगी
हरिद्वार। पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों में खूनी संघर्ष छिड़ गया। दोनों पक्षों में लाठी-डण्डों से लेकर एक-दूसरे पर जमकर पत्थराव हुआ। जिसमें दोनों ओर से करीब एक दर्जन लोग घायल हो गये। घटना की जानकारी लगते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को सम्भालते हुए घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। लेकिन समाचार लिखे जाने तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गयी थी। पुलिस का कहना हैं कि यदि तहरीर आती हैं तो मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही की जाएगी। प्राप्त जानकारी के अनुसार बहादराबाद थाना क्षेत्रान्तर्गत बढेडी राजपूताना गांव में दो सप्ताह पूर्व अमरूद के बाग में बच्चों के अमरूद तोड़ने पर दो पक्षों साना पक्ष और शेर मोहम्मद पक्ष में विवाद हो गया। बताया जा रहा हैं कि विवाद को लेकर दोनों पक्ष थाने पहुंचे। लेकिन दोनों पक्षों के मौजिजों के हस्तक्षेप से मामले को सुलझा लिया गया। कहा जा रहा हैं कि आज साना पक्ष के दो लोग शेर मोहम्मद पक्ष के मकान के सामने से गुजर रहे थे तभी छींटाकशी करने पर कहासुनी हो गयी। जिसने दोनों पक्षों में खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। बताया जा रहा हैं कि दोनों पक्षों की ओर से लाठी-डण्डों से एक-दूसरे पर हमला करते हुए पत्थराव शुरू कर दिया। जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गयी। घटना की जानकारी लगते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाते हुए स्थिति को सम्भाला। बताया जा रहा हैं कि खूनी संघर्ष में दोनों ओर से एक दर्जन लोग घायल हो गये। जिनमें तीन लोगों की हालत गम्भीर बतायी जा रही है। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेज कर घटना की जानकारी ली। लेकिन समाचार लिखे जाने तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर पुलिस के पास नहीं पहुंची है। पुलिस का कहना हैं कि यदि तहरीर मिलती हैं तो मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही की जाएगी। घटना को लेकर गांव में तनाव बना हुआ है, सूरक्षा की दृष्टि से गांव में पुलिस बल तैनात है।
