एम्बुलेंस ने पहुंचने तक घायल महिला सड़क पर तड़फती रही
भतीजे ने मौत के लिए एम्बुलेंस के लेट पहुंचने को जिम्मेदार ठहराया
मुकेश वर्मा/ अजय नेगी
हरिद्वार। डाक कांवड की चपेट में आने से बाइक सवार एक महिला की मौत हो गयी। जबकि उसका भतीजा घायल हो गया। जिसको उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। घायल युवक ने एम्बुलेंस चालक के लेट पहुंचने की वजह को अपनी बुआ की मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अंकित पुत्र सियानंद निवासी मुजफ्रफरनगर यूपी बाइक से अपनी बुआ श्रीमती राकेश शर्मा पत्नी रमेश शर्मा निवासी श्यामपुर हरिद्वार पहुंचा था। बताया जा रहा हैं कि युवक ने अपनी बुआ के पास ही एक प्लाट खरीदा हुआ है। जिसपर मकान का निर्माण चल रहा है। जिसको देखने व बुआ से मिलने पहुंचा था। बताया जा रहा हैं कि सुबह युवक अंकित वापस घर लौटने के लिए चला तो बुआ श्रीमती राकेश शर्मा ने कहा कि वह भी उसके साथ चल रही हैं जोकि अपने भाई से मिलकर आयेगी। दोनों बाइक से मुजफ्रफरनगर के लिए चल दिये। बताया जा रहा हैं कि जब बाइक सवार बुआ-भतीजे तिरछे पुल के पास पहुंचे। इसी दौरान पीछे से आ रही कांवडियों से लदी तेज रफ्रतार से ट्रेक्टर-ट्राॅली ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी और आगे बढ गये। बाइक सवार भतीजा व बुआ घायल हो गये। बताया रहा हैं कि आसपास के लोगों ने एम्बुलेंस को फोन कर दिया। आरोप हैं कि आधे घण्टे एम्बुलेंस नहीं पहुंची, तब तक घायल महिला उपचार न मिलने के कारण सड़क पर तड़फती रही। एम्बुलेंस के पहुंचने पर महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जिसपर चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। जिसको सुनकर भतीजे को होश उड़ गये, किसी तरह युवक ने घटना की जानकारी श्यामपुर स्थित बुआ व अपने परिजनों को सूचना दी। बताया जा रहा हैं कि घटना की सूचना मिलने पर भी श्यामपुर पुलिस ने घटना का संज्ञान में लेना भी उचित नहीं समझा और ना ही पुलिस करीब तीन घण्टे तक जिला अस्पताल ही पहुंची।
