♦315 बोर का एक तमंचा, बाइक और झपटी गई सोने की चैन बरामद
♦आरोपी पूर्व में भी चैन स्नैचिंग मामले में जा चुका जेल, कई थानों में मुकदमे
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। कनखल क्षेत्र में गत दिनों हुई स्कूटी सवार महिला से चैन झपटमारी की घटना का खुलासा करते हुए बाइक सवार आरोपी को गिरफ्तार किया है। जिसके पास से पुलिस ने 315 बोर का एक तमंचा, जिंदा कारतूस, झपटी गई सोने की चैन और घटना में इस्तेमाल बाइक बरामद की है। आरोपी पर कई चैन झपटमारी के मुकदमे दर्ज हैं और पूर्व में चैन झपटमारी की घटना में जेल जा चुका है। इस घटना का खुलासा एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने शनिवार को पत्रकार वार्ता में किया।
उन्होंने बताया कि कनखल थाना क्षेत्र में 20 सितम्बर को स्कूटी सवार महिला निवासी गणपति धाम फेस-3 जमालपुर अपनी तीन साल की बेटी के साथ हरिद्वार से वापस घर लौट रही थी। इसी दौरान जब स्कूटी सवार महिला आईटीआई जगजीतपुर लक्सर रोड कनखल के पास पहुंची, तभी बाइक सवार व्यक्ति ने स्कूटी सवार महिला को रोकने का इशारा किया। लेकिन महिला ने स्कूटी नहीं रोकी, तब बाइक सवार ने महिला की स्कूटी को लात मारकर उसको गिरा दिया, तभी बाइक सवार महिला के गले से सोेने की चैन झपट कर फरार हो गया। घटना में महिला व उसकी तीन साल की बेटी को घायल हो गई।
एसएसपी ने बताया कि पीडिता ने कनखल थाने में अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालते हुए बाइक सवार की पहचान के प्रयास करते हुए लोगों से घटना के सम्बंध मे जानकारी जुटाई। पुलिस बाइक सवार चैन स्नैचर की तलाश में जुटी थी कि इसी दौरान सूचना मिली कि महिला से चैन झपटमारी करने वाले बाइक सवार को जमालपुर-जियापोता क्षेत्र मे देखा गया है। पुलिस ने बिना वक्त गंवाये, उक्त क्षेत्र में चैकिंग अभियान शुरू कर दिया। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार नजर आया।
उन्होंने बताया कि चैकिंग अभियान मे जुटी पुलिस टीम ने संदिग्ध बाइक सवार को रूकने का इशारा किया, लेकिन वह पुलिस के सकेंत को नजर अदांज कर बाइक को वापस मोड कर भागने का प्रयास किया। जिसपर पुलिस टीम को उसपर शक होने पर उसका पीछा किया। इसी दौरान बाइक सवार फिसलने पर सवार गिर पड़ा, तभी पुलिस टीम ने उसको दबोच लिया। जिसकी तलाशी लेने पर पुलिस ने उसके पास से 315 बोर का एक तमंच, जिंदा कारतूस और महिला से झपटी गई सोने की चैन बरामद की।
कप्तान ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम कुलदीप कुमार पुत्र बीरबल निवासी ग्राम रघुनाथपुर, थाना मंडावर, तहसील एवं जनपद बिजनौर, उत्तर प्रदेश बताया है। पुलिस ने जब आरोपी का अपराधिक इतिहास खंगाला गया तो पता चला कि उसके खिलाफ कोतवाली कनखल, ज्वालापुर और रानीपुर में चैन स्नैचिंग मामले के मुकदमें दर्ज है। आरोपी पूर्व मेें चैन स्नैचिंग मामले में जेल भी जा चुका है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज करते हुए मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
