♦परिवार छोड कर महिला को अपने साथ रखने की जिद व दबाब के चलते हुई हत्या
♦महिला की वीडियों वायरल करने तथा जान से मारने की दी जा रही थी धमकी
♦पति समेत एक अन्य के साथ मिलकर महिला ने हरिद्वार बुलाकर उतारा मौत के घाट
♦साजिश के तहत हत्या से पूर्व गोपाल को बिजनौर से हरिद्वार बुलाकर पिलाई थी शराब
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। कोतवाली नगर क्षेत्र के दूधियाबंद बस्ती के समीप जंगल में मिले अज्ञात पुरूष के शव की गुत्थी को पुलिस और सीआईयू की संयुक्त टीम ने सुलझाते हुए एक दम्पति को मोतीचूर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान आरोपी नरेन्द्र ने खुलासा किया कि मृतक गोपाल के उसकी पत्नी के साथ अवैध सम्बंध थे, जोकि उसकी पत्नी को परिवार छोड कर अपने साथ रहने के लिए जिद करते हुए दबाब डाल रहा था, इतना ही नहीं मृतक उसकी पत्नी को अश्लील वीडियों वायरल करने तथा जान से मारने की धमकी दे रहा था। जिसके चलते गोपाल की हत्या की गई। आरोपी की निशानदेही से पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल लोहे का चापड व चाकू बरामद किया है। इस हत्या का खुलासा एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने रोशनाबाद स्थित कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान किया।
उन्होंने बताया कि कोतवाली नगर पुलिस ने 17 सितम्बर की सुबह सूचना पर दूधियाबंद बस्ती के पास जंगल से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया था, जिसके शरीर पर चोट के निशान थे। जिसकी शिनाख्त के प्रयास किये गये, लेकिन मृतक की शिनाख्त नहीं को सकी। मृतक के पास से बिजनौर की बस का टिकट मिला, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। इसी दौरान 20 सितम्बर को मृतक के परिजन कोतवाली नगर पहुंचे और उन्होंने मोर्चरी में रखे शव की पहचान गोपाल पुत्र उमा चरण निवासी नई बस्ती निकट आबकारी चौकी बिजनौर के रूप में की थी। पुलिस ने मृतक के बेटे आशु कुमार की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
कप्तान ने बताया कि हत्या की गुत्थी को सुलझाने के लिए पुलिस टीम गठित की गई, जिसमें सीआईयू टीम को भी शामिल किया गया। पुलिस और सीआईयू की संयुक्त टीम घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और लोगों की पूछताछ के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने सोमवार की सुबह मोतीचूर रेलवे स्टेशन के पास से एक संदिग्ध दम्पति को गिरफ्तार किया। पुलिस की शुरूआती पूछताछ के दौरान दम्पति गोपाल की हत्या के सम्बंध में अनभिज्ञता जताता रहा। लेकिन पुलिस टीम की सख्ती के आगे दम्पति टूट गया और हत्या को अंजाम देना स्वीकार किया।
श्री भुल्लर ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी दम्पति ने अपना नाम नरेंद्र पुत्र ओम प्रकाश और सुनीता (काल्पनिक नाम )निवासीगण ग्राम मोमिनपुर दर्गाे भारेरा कोतवाली बिजनौर जनपद बिजनौर बताया। आरोपी नरेन्द्र ने खुलासा किया कि फेफडों में पानी भरने की वजह से उसका इलाज मेरठ स्थित एक अस्पताल में चल रहा था। इस दौरान गोपाल किसी तरीके से उसकी पत्नी के सम्पर्क में आया और उसका मोबाइल नंबर लिया। जिसके बाद दोनों के बीच बात होने लगी। इसी दौरान पैसों की मदद मिलने के बाद दोनों के बीच संबंध बन गए। मृतक लगातार उसकी पत्नी से अपना परिवार छोड़कर उसके साथ आने के लिए दबाब बनाने लगा, लेकिन बच्चों से लगाव के चलते उसकी पत्नी लगातार मना कर रही।
उन्होंने बताया कि रक्षाबंधन पर जब उसकी पत्नी अपने प्रेमी से मिलने बिजनौर पहुंची तो उसके द्वारा उसने दोनों को रंगे हाथ पकड लिया। जिसपर गोपाल ने उसके साथ मारपीट की। गोपाल लगातार उसकी पत्नी को कॉल कर साथ चलने का दबाव बनाते हुए अश्लील वीडियो वायरल करने व जान से मारने की धमकी देने लगा। जिसकी पूरी जानकारी उसकी पत्नी ने उसको बता दी और ये भी बताया कि मृतक आपराधिक किस्म का व्यक्ति है जो कई बार जेल जा चुका है और पुलिस के पास न जाने की चेतावनी दे रहा है। जिससे छुटकारा पाने के लिए उसने अपनी पत्नी, अपने भाई के साथ मिलकर मृतक को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया और अपने ही गांव के एक व्यक्ति को 50 हजार देने के लिए तैयार किया।
कप्तान ने बताया कि आरोपी ने खुलासा किया कि योजना के मुताबिक 16 सितम्बर को उसकी पत्नी ने गोपाल को मिलने के लिए हरिद्वार बुलाया, जहां रात के वक्त उसकी पत्नी गोपाल को गंगा घाट पर लेकर गई। जहां पर गोपाल द्वारा शराब पीने और खाना खाने के बाद गंगा घाट पर सोने पर उनके द्वारा अपने सहयोगियों के साथ मिलकर चापड व छूरी से वार कर गोपाल की हत्या कर दी। इसके बाद आरोपियों ने मोबाइल फोन व पर्स निकाल बड़ी गंगा में फेंक दिया और अपने घर निकल गए। पुलिस ने आरोपी दम्पति के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज करते हुए मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। इस हत्या में शामिल फरार चल रहे दो अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें उनके सम्भावित ठिकानों पर छापेमारी में जुटी है। जिनको जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
