♦अस्पताल के चिकित्सक व स्टॉफ और तैनात जवान की सूझबूझ से बडी घटना टली
♦हमलावरों के हमले में पीआरडी जवान हुआ घायल, इमरजेंसी के दरवाजे का टूटा शीशा
♦सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, हमलावरों पुलिस के पहुंचने से पूर्व हुए फरार
♦घटना के पीछे की वजह ब्रहा्रपुरी के दो गुटों के आपसी झगड़े का नतीजा माना जा रहा
♦चिकित्सक ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ कोतवाली में दी तहरीर, पुलिस जांच में जुटी
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। उप जिला मेला अस्पताल की इमरजेंसी पर बीती देर रात एक दर्जन से अधिक हथियारबंद लोगों ने अचानक हमला बोल दिया। अचानक हुए हमले से चिकित्सक समेत स्टॉफ में दहशत फैल गयी और भगदड मच गई। बताया जा रहा हैं कि इमरजेंसी का दरवाजा बंद करने के दौरान हमलावरों के पत्थर से किये गये हमले से अस्पताल में तैनात एक पीआरडी जवान भी घायल हो गया और गेट का शीशा टूट गया।
इस हमले के पीछे की वजह बतायी जा रही हैं कि बीती रात ब्रहा्रपुरी के दो गुटों में किसी बात को लेकर झगडा हुआ था। एक गुट द्वारा मेडिकल के लिए मेला अस्पताल की इमरजेंसी पहुंचने पर दूसरे गुट पर अपने विरोधी गुट समेत इमरजेंसी पर हमला करने का आरोप है। सूचना पर पुलिस के मौके पर पहुंचने पर हमलावर मौके से फरार हो गये। चिकित्सक की ओर से अज्ञात हमलावरों के खिलाफ कोतवाली नगर में तहरीर दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है।
जिला अस्पताल के पीएमएस डॉ. राजेश गुप्ता ने बताया कि बीती देर रात करीब पौने बारह बजे हथियारबंद 15-20 लोगों की भीड जिनके हाथ में लाठी, डंडे, धारदार हथियार और ईट पत्थर मौजूद थे, ने इमरजेंसी पर अचानक हमला कर दिया, अचानक हुए हमले से स्टॉफ में दहशत और भगदड का माहौल हो गया। इमरजेंसी में तैनात पीआरडी के जवान ने तत्परता दिखाते हुए इमरजेंसी का दरवाजा बंद करने का प्रयास किया, तभी हमलावरों की ओर से पत्थर से किये गये हमले में जवान घायल हो गया, लेकिन पीआरडी जवान दरवाजा बंद करने में कामयाब रहा। उन्होंने बताया कि अगर पीआरडी जवान और अस्पताल स्टॉफ ने सूझबूझ नहीं दिखाई होती तो बडी घटना भी घट सकती थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक हमलावर मौके से फरार होने में कामयाब रहे। घटना के सम्बंध में रात्रि में तैनात चिकित्सक डॉ. दीपक पांडे की ओर से अज्ञात हमलावरों के खिलाफ कोतवाली नगर में तहरीर दी गई है।
घटना के पीछे की वजह बतायी जा रही हैं कि ब्रहा्रपुरी क्षेत्र के दो गुटों में किसी बात को लेकर झगडा हो गया था। जिसमें दोनों ओर से कई लोग चोटिल हुए थे। जिन्होंने कोतवाली पहुंचकर एक-दूसरे गुट पर आरोप लगाते हुए शिकायत की थी। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने मामले की गम्भीरता को देखते हुए एक गुट को मेडिकल के लिए उप जिला मेला अस्पताल भेज दिया। जिसके करीब एक घंटे बाद पुलिस ने दूसरे गुट को मेडिकल के लिए भेजा गया। आरोप हैं कि इसी दौरान पहले वाले गुट के लोगों ने लाठी. डंडे, पत्थर, ईंट और तेज धारदार हथियार से दूसरे गुट के लोगों और इमरजेंसी पर हमला बोल दिया। पूरी घटना उप जिला मेला अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गयी।
सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। पुलिस मामले को गम्भीरता से लेते हुए अस्पताल में लगे सीसीटीवी फूटेज के आधार पर आरोपियों को चिहिंत करने का प्रयास करते हुए जांच की जा रही है।
