♦पुलिस लाइन रोशनाबाद में भी श्रीकृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम हुआ आयोजित
♦रिक्रूट आरक्षियों एवं पुलिस मॉडर्न स्कूल की छात्र-छात्राओं ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुति
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। जनपद हरिद्वार में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। हरिद्वार के विभिन्न क्षेत्रों में श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव से लेकर अलग-अलग लोग लुभान झांकिया लगाई गई। वहीं पुलिस लाइन रोशनाबाद में भी श्रीकृष्ण जन्मोत्सव बडे धूमधाम के साथ मनाया गया। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर समेत पुलिस अधिकारी अपने परिजनों के साथ शामिल हुए। पुलिस लाइन के अंदर बेहद विशाल प्रांगण में मुख्यमार्ग के किनारे जनपद के सभी थानों द्वारा लगाई गई आकर्षक झांकियों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
श्रीकृष्ण जन्मोत्स कार्यक्रम में गायक कलाकार विकास भारद्वाज, सूरज बंडवाल, संगीता ढोंडियाल व अज्जू तोमर के मधुर गीतों पर विभिन्न गानों पर भव्य नृत्य प्रस्तुति ने दर्शक दीर्घा को रोमांचित कर झूमने पर मजबूर कर दिया। साथ ही बहुउद्देशीय हॉल पर रिक्रूट आरक्षियों एवं पुलिस मॉडर्न स्कूल की छात्र छात्राओं के रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लिया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का लुत्फ उठाने के पश्चात जिलाधिकारी, एसएसपी समेत सभी अधिकारियों ने दुर्गा मन्दिर पहुंचकर देर रात्रि श्री कृष्ण भगवान की जन्म होने पर पूजा अर्चना की। दुर्गा मन्दिर में आकर्षक सजावट एवं चारधाम मॉडल की अति विशेष झांकी का अवलोकन कर शुभ मुहूर्त में लड्डू गोपाल के जन्म लेते ही सभी ऑफिसर्स ने बारी-बारी कन्हैया को झूला झुलाकर जन्मोत्सव मनाया तथा प्रांगण में मौजूद आमजन को प्रसाद वितरित किया।
कार्यक्रम में एसपी क्राइम/ट्रैफिक निशा यादव, एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल, एसपी सिटी अभय सिंह, एसपी संचार विपिन कुमार सहित अन्य पुलिस ऑफिसर्स और गणमान्य व्यक्ति एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।

