तस्कर पर पूर्व में एनडीपीएस के आधा दर्जन से अधिक के मामले दर्ज
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। कोतवाली रानीपुर पुलिस ने क्षेत्र में गश्त के दौरान भारी मात्रा में स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा बरामद की गई स्मैक की कीमत बाजार में करीब साढे तीन लाख बताई जा रही है। आरोपी पर पूर्व में आधा दर्जन से अधिक एनडीपीएस के मामले दर्ज है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज करते हुए मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
कोतवाली रानीपुर प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि बीते रोज पुलिस का एक गश्ती दल क्षेत्र में गश्त पर था। इसी दौरान पुलिस के गश्ती दल को जमालपुर खुर्द जाने वाले कच्चे मार्ग पर एक संदिग्ध देखा गया। जोकि पुलिस को देखकर भाग खडा हुआ। जिसपर शक होने पर पुलिस ने उसका पीछा कर कुछ ही दूरी पर संदिग्ध को दबोच लिया। जिसकी तलाशी लेने पर पुलिस के गश्ती दल ने 6.63 ग्राम स्मैक बरामद की। जिसकी बाजार में कीमत करीब साढे तीन लाख रूपये आंकी जा रही है।
उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान तस्कर ने अपना नाम विपिन पुत्र हरिद्वारी लाल, निवासी विष्णुलोक कॉलोनी, कोतवाली रानीपुर जनपद हरिद्वार बताया है। जिसका अपराधीक इतिहास खंगाला गया तो पता चला कि दबोचा गया तस्कर पूर्व में भी नशा तस्करी मामले में जेल जा चुका है। जिसपर आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस के आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज करते हुए मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
