मुकेश वर्मा
हरिद्वार। चंपावत में नाबालिग के साथ हुई सामूहिक दुष्कर्म की घटना की काग्रेसियो ने कड़े शब्दों में निंदा करते हुए आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस प्रदेश सचिव आनंद मेहरा प्रेस क्लब हरिद्वार में पत्रकारों से रूबरू हो रहे थे।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में महिला उत्पीड़न की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। महिला उत्पीड़न की अधिकांश घटनाओं में भाजपा पृष्ठभूमि के लोगों पर आरोप लग रहे हैं। आनंद मेहरा ने आरोप लगाया कि चंपावत में भाजपा मंडल अध्यक्ष व उसके तीन साथियों द्वारा 16 वर्षीय किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपी किशोरी को मृत समझकर फरार हो गए थे। घटना सामने आने के बाद विपक्ष के दबाव पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। उन्होंने मांग की है कि आरोपियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी ने कहा कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाली भाजपा सरकार में प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ठप्प हो चुकी है। महिलाएं सुरक्षित नहीं है, हरिद्वार में एक स्कूल के तीरंदाजी कोच द्वारा नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म के आरोपी की अभी तक गिरफ्तारी नहीं हो पायी है।
उन्होंने कहा कि चंपावत की घटना पूरे समाज को शर्मसार करने वाली है। घटना में भाजपा पदाधिकारी के शामिल होने से साफ है कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। भाजपा का महिलाओं को सम्मान देने का दावा खोखला साबित हो रहा है। प्रेसवार्ता में विकास चंद्रा, सार्थक ठाकुर, सागर बेनीवाल भी मौजूद रहे।
