*हरियाणा के जिंद की पुलिस फरार बदमाश का पीछा करते हुए हरिद्वार पहुंची थी
*लोकेशन बस अड्डे के पास मिलने पर दरोगा ने बदमाश को पकडा, तभी मारी तीन गोली
*दो गोली दरोगा के कोहनी को छुते हुए निकली, एक गोली दरोगा के पेट में लगी
*स्थानीय पुलिस घायल दरोगा को मेला अस्पताल लेकर पहुंची, वहां से किया एम्स रेफर
*एसएसपी, एसपी सिटी, सीओ सिटी ने किया घटना स्थल का निरीक्षण, हरियाणा पुलिस से जुटाई जानकारी
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। हरियाणा से फरार चल रहे बदमाश को पकड़ने के लिए हरिद्वार पहुंची हरियाणा के जिंद की पुलिस टीम में शामिल दरोगा को बदमाश ने गोली मारकर घायल कर दिया। बस अड्डे के बाहर शाम को सरेराह गोली चलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गयी। सूचना पर कोतवाली नगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल दरोगा को उपचार के लिए उप जिला मेला चिकित्सालय ले जाया गया। घायल दरोगा की हालत गम्भीर देखते हुए उसको उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि दरोगा की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। सूचना पर एसएसपी, एसपी सिटी, सीओ सिटी समेत पुलिस अधिकारियों ने घटना स्थल का निरीक्षण करते हुए हरियाणा की पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई है। हरियाणा पुलिस ने घटना के सम्बंध में कोतवाली नगर में फरार बदमाश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। फरार बदमाश को दबोचने के लिए जनपद हरिद्वार की सीमाए सील कर संघन चैकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने बताया कि हरियाणा से फरार चल रहे बदमाश की लोकेशन हरियाणा की पुलिस टीम को हरिद्वार के बस अड्डे के पास मिलने पर दरोगा सुनील के नेतृत्व में 6 सदस्य पुलिस टीम हरिद्वार पहुंची थी। बदमाश फरार ना हो जाए, इसलिए उसको पकड़ने के चक्कर में हरियाणा की पुलिस ने स्थानीय पुलिस को सूचना नहीं दी। हरियाणा पुलिस टीम को फरार बदमाश नजर आते ही उसका पीछा किया गया। इसी दौरान दरोगा सुनील ने बदमाश का पीछा कर पकड लिया, लेकिन तभी बदमाश ने दरोगा पर गोली चला दी। दरोगा पर तीन गोली दागी गयी। जिसमे दो गोली दरोगा के हाथ की कोहनी को छुते हुए निकल गयी, जबकि एक गोली पेट में लगी है।
उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पर कोतवाली नगर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल दरोगा सुनील को उपचार के लिए उप जिला मेला चिकित्सालय ले जाया गया। जहां पर दरोगा की हालत को गम्भीर देखते हुए उसको हॉयर सेंटर एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया। घायल दरोगा की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। हरियाणा की पुलिस की ओर से कोतवाली नगर में फरार बदमाश के खिलाफ दरोगा को गोली मारकर घायल करने का मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालने में जुटी है।
कप्तान ने बताया कि फरार बदमाश को दबोचने के लिए जनपद की सीमाओं को सील कर सघन चैकिंग अभियान चलाया जा रहा है। स्थानीय पुलिस और सीआईयू की टीम हरियाणा पुलिस के साथ मिलकर फरार बदमाश की सरगर्मी से तलाश में जुटी है। पुलिस बस अड्डे, रेलवे स्टेशन समेत अन्य स्थलों के भी सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है।
