तस्कर से 550 ग्राम चरस, मोबाइल व नगदी बरामद
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। कोतवाली ज्वालापुर पुलिस ने शनिवार की देर शाम क्षेत्र में गश्त के दौरान एक चरस तस्कर को गिरफ्तार किया है। जिसके पास से पुलिस ने भारी मात्रा में चरस, मोबाइल और नगदी बरामद की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। जिसको मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।

कोतवाली ज्वालापुर प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि बीती देर शाम को पुलिस क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस के गश्ती दल ने चौधरी चरण सिंह घाट पर एक संदिग्ध देखा गया। जोकि पुलिस को देखकर भाग खड़ा हुआ। जिसपर पुलिस को शक होने पर उसका पीछा कर कुछ ही दूरी पर उसको दबोच लिया। जिसकी तलाशी लेने पर पुलिस ने उसके पास से 550 ग्राम चरस, एक मोबाइल और 1030 रूपये की नगदी बरामद की।

एसएचओ ने बताया कि पूछताछ के दौरान चरस तस्कर ने अपना नाम कुलदीप पुत्र शंकर लाल निवासी ग्राम कटछी जोशीमठ चमोली उत्तराखण्ड बताया है। पुलिस ने चरस तस्कर के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस तस्कर को मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर रही है।

