यूपी रोड़वेज की नजीबाबाद डिपो की बस आ रही थी हरिद्वार
कनखल थाना क्षेत्र स्थित ज्ञान लोक के सामने अचानक पलटी
गनीमत रही कि दुर्घटना में नहीं हुई कोई जनहानि, ली राहत की सास
कनखल पुलिस ने पीछे का शीशा तोड़ कर यात्रियों को किया रेस्क्यू
दुर्घटना में किसी के गम्भीर ना होने पर अस्पताल से मिली सभी को छुट्टी
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। उत्तर प्रदेश परिवहन की नजीबाबाद डिपो की बस हरिद्वार आते वक्त अचानक कनखल थाना क्षेत्र स्थित हाईवे पर पलटने से हड़कम्प मच गया। बस में सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गयी। सूचना पर कनखल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बस के पीछे से शीशा तोड़ कर यात्रियों को रेस्क्यू किया। बताया जा रहा हैं कि बस में 57 यात्री थे, जिनमें 13 यात्रियों को घायल होने पर उनको निजी वाहनों व 108 की मदद से उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। घायलों के गम्भीर ना होने पर चिकित्सकों ने यात्रियों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी। गनीमत यह रही कि दुर्घटना में कोई जनहानि ना होने पर प्रशासन व लोगों ने राहत की सास ली।

कनखल थाना एसओ नितेश शर्मा ने बताया कि रविवार की शाम को उत्तर प्रदेश परिवहन की नजीबाबाद डिपो की बस नजीबाबाद से हरिद्वार आते वक्त हाईवे पर ज्ञान लोक के सामने आचनक चालक का संतुलन बिगडने से बस पलट गयी। घटना से बस में सवार यात्रियों में बचाव के लिए चीख पुकार मच गयी। राहगिरों समेत आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बस के पीछे का शीशा तोड़ कर बस मंे सवार यात्रियों को बाहर निकाला गया। बस में 57 यात्री सवार थे, लेकिन उनमें 13 यात्री घायल हुए। जिनको तत्काल निजी वाहनों व 108 की मदद से उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।

उन्होंने बताया कि गनीमत यह रही कि दुर्घटना में जनहानि ना होने पर सभी ने राहत की सास ली। सूचना पर सीओ यातायात और सीओ ज्वालापुर मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने सड़क पर पलटी बस को क्रेन के जरिये सीधा कराकर साइड कराकर हाईवे पर बाधित यातायात को सुचारू कराया गया। बताया जा रहा हैं कि उपचार के लिए भेजे गये यात्रियों को गम्भीर चोट ना आने पर चिकित्सकों ने घायलों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी।

जिला अस्पताल चिकित्साधिकारी डॉ. चंदन मिश्रा ने बताया कि शाम को बस पलटने से घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया था। दुर्घटना में किसी भी यात्री को गम्भीर चोट ना आने पर चिकित्सकों ने उनको उपचार के बाद छुट्टी दी गयी है।
