हत्या में इस्तेमाल गड़सा, खून की सनी शर्ट बरामद
हत्यारोपी के दो भाई भी पूर्व में घरेलु कलह में कर चुके सुसाइड
अंधेरा होने पर खेत से निकल रूड़की भागते पुलिस ने दबोचा
खाना बनाने को लेकर हुए झगड़े को बताई हत्या की वजह
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। पत्नी की गडसे से गर्दन काट कर हत्या करने वाले हत्यारोपी पति को पुलिस ने गांव के तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्यारोपी की निशानदेही से हत्या में इस्तेमाल गडसा व खून से सनी शर्ट बरामद की है। हत्यारोपी ने हत्या की वजह खाना बनाने को लेकर झगड़ा बताया है। पूछताछ में पता चला हैं कि हत्यारोपी के दो भाई भी पूर्व में घरेलु कलह के चलते सुसाइड कर चुके है। पुलिस ने हत्यारोपी को दर्ज मुकदमें में निरूद्ध करते हुए मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
पथरी कार्यवाहक प्रभारी एसएसआई लोकपाल परमार ने बताया कि गुरूवार की सुबह गांव बुक्कनपुर में एक ग्रामीण मुस्तकीम अपनी पत्नी आसमां उम्र 40 साल की सोते हुए गडसे से उसकी गर्दन काट कर हत्या कर फरार हो गया था। हत्या के सम्बंध में पुलिस ने मृतका के भाई की ओर से हत्यारोपी पति मुस्तकीम पुत्र शौकत अली निवासी ग्राम बुक्कनपुर थाना पथरी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दिया था। पुलिस ने गन्ने के खेत में छुपे हत्यारोपी पति को अंधेरा होने पर खेत से बाहर निकलकर रूडकी भागने की कौशिश के दौरान बुक्कनपुर तिराहे से दबोच लिया। जिसकी निशानदेही से पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त गडसा व खून से सनी शर्ट बरामद की है।
पूछताछ के दौरान हत्यारोपी ने पत्नी की हत्या की वजह रात को खाना बनाने को लेकर हुए झगड़ा बताते हुए चौकाने वाली जानकारी दी हैं कि उसके दो भाई भी पूर्व में घरेलु कलह के चलते सुसाइड कर चुके है। पुलिस ने हत्यारोपी पति को दर्ज मुकदमें में निरूद्ध करते हुए मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
