भगवानपुर थाना क्षेत्र में देर रात बदमाशों और पुलिस के बीच हुई थी मुठभेड़
दो बदमाशों के पैर में लगी गोली, चेकिंग के दौरान दो ओर दबोचे
दो बदमाश अभी भी फरार, पुलिस टीम फरारों की तलाश में जुटी
बदमाशों ने मंगलौर, गंगनहर और कोतवाली नगर की लूट को कबूला
एसएसपी की ओर से खुलासा करने वाली टीम को 25 हजार का इनाम
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। भगवानपुर थाना क्षेत्र में देर रात बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों के पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया। जबकि चार बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकलने में काम रहे। सूचना पर एसएसपीं, एसपी क्राइम, एसपी देहात, एसपी सिटी समेत अधिकारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। घायल दोनों बदमाशों को उपचार के लिए रूड़की हॉस्पिटल पहुंचाया गया। एसएसपी ने फरार बदमाशों को गिरफ्तार करने के लिए अधीनस्थों को कड़े निर्देश दिये गये।
जनपद में फरार बदमाशों को दबोचने के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। जिसके दौरान पुलिस ने फरार दो ओर बदमाशों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। लेकिन अभी दो बदमाश फरार हैं, जिनकी पुलिस टीम सरगर्मी से तलाश में जुटी है। दबोचे गये बदमाशों ने गंगनहर में किसान के घर में लूट, मंगलौर के शराब ठेके में लूट और कोतवाली नगर क्षेत्र में व्यापारी के घर लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस ने बदमाशों के पास से तमंचे, जिंदा कारतूस व खोखे बरामद किये है। इस बात की जानकारी एसएसपी अजय सिंह ने रोशनाबाद स्थित पुलिस कार्यालय सभागार में पत्रकार वार्ता के दौरान दी।
उन्होंने बताया कि पिछले एक सप्ताह के भीतर हथियारबंद बदमाशों द्वारा एक के बाद एक तीन लूट की वारदात को अंजाम देकर सनसनी फैलाने वाले बदमाशों की तलाश में रूड़की और हरिद्वार पुलिस बदमाशों की सरगर्मी से तलाश में जुटी थी। बदमाशों को दबोचने के लिए अलग-अलग कई पुलिस की टीेमे गठित की गई थी। जिनमें रूड़की और हरिद्वार सीआईयू टीम को भी शामिल किया गया था। इसके अलावा पुलिस मुखबिरों की भी मदद ले रही थी। पुलिस टीमे घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालते हुए बदमाशों की शिनाख्त के प्रयास करते हुए तलाश में जुटी थी। पुलिस टीम बदमाशों तक पहुंचने के लिए इलैक्ट्रॉनिक और मैन्युअल तरीके से बदमाशों तक पहुंचने का प्रयास कर रही थी।
उन्होंने बताया कि इसी दौरान पुलिस टीम को देर रात सूचना मिली कि थाना भगवानपुर के कस्बा चौली के एक घर में कुछ बदमाश ठहरे हुए है। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा सावधानी पूर्वक घेराबंदी की गई। लेकिन कमरे में मौजूद बदमाशों को पुलिस कार्रवाई की भनक लगते व खुद चौतरफा घिरता देख बदमाश अचानक मकान से बाहर निकलकर रात के अंधेरे में तेजी से बगल के आम के बाग की तरफ भागे। जब पुलिस टीम ने उनका पीछा किया तो कुछ बदमाश मोटरसाइकिल से भागे और कुछ बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी गई। पुलिस टीम की ओर से जबाबी फॉयरिंग में दो बदमाशों के पैर पर गोली लगने से घायल हो गये। जिनको उपचार के लिए रूड़की हॉस्पिटल भेजा गया। बदमाशों के साथ मुठभेड़ की सूचना पर वह स्वयं, एसपी क्राइम श्रीमती रेखा यादव, एसपी देहात स्वप्न किशोर, एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार समेत अधिकारी व फोर्स मौके पर पहुंची। उन्होंने फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के अधीनस्थों को कड़े निर्देश दिये। पुलिस टीम ने फरार बदमाशों को दबोचने के लिए जनपद में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किये गये बदमाशों ने अपना नाम अंकुर चमार पुत्र मोहर सिंह निवासी ग्राम मनकमाजरा थाना ननौता जिला सहारनपुर और उपकार पुत्र जानखेड़ा थाना रामपुर मनिहारान जिला सहारनपुर बताया। बदमाशों ने अपने फरार साथियों के नाम राजा उर्फ मोटा पुत्र पवन सिंह निवासी मेरछपार थाना कुतुबशेर जिला सहारनपुर, विनय कुमार पुत्र मोहर सिंह निवासी ग्राम जानखेड़ा रामपुर मनिहारन सहारनपुर, दीपक पुत्र सुशील निवासी ग्राम पीरमाजरा थाना कुतुबशेर जिला सहारनपुर और अनिल पुत्र जसवीर पीरमाजरा थाना कुतुबशेर जिला सहारनपुर बताया है।
एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार घायल बदमाशों अंकुर व उपकार ने खुलासा किया कि 05 जून को ग्राम नाथू खेड़ी में अपने साथी दीपक के साथ मिलकर देशी शराब के ठेके पर नगदी व शराब की पेटी लूटी थी। वहीं 09 जून को दिन में करीब 12 बजे उन्होंने अपने साथी दीपक के साथ मिलकर हथियारों से लैस होकर गंगनहर क्षेत्रांतर्गत किसान के घर में घुस कर महिला के सर पर पिस्टल की बट से वार कर घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात व 02 लाख की नगदी लूटकर ले गये थे। इसके बाद उन्होंने 11 जून को रात करीब 9 बजे अपने साथियों दीपक, अनिल व राजा उर्फ मोटा के साथ हथियारों से लैस होकर कोतवाली नगर क्षेत्र देवपुरा में व्यापारी के घर में घुसकर बुजुर्ग महिला को डरा धमकाकर महिला के गले से चेन तोड़ कर ले गये।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि पुलिस टीम फरार बदमाशों की तलाश में सघन चेंकिग अभियान मेें जुटी थी। इसी दौरान पुलिस टीम फरार दो ओर बदमाशों राजा उर्फ मोटा और विनय कुमार को दबोच लिया। लेकिन दो बदमाश दीपक व अनिल फरार होने में कामयाब रहे। जिनकी पुलिस सरगर्मी से तलाश में जुटी है। पुलिस टीम ने दबोचे गये बदमाशों से तमंचे, जिंदा कारतूस व खोखा बरामद किये है। गिरफ्तार किये गये बदमाशों में उपकार पर सहारनपुर समेत अन्य जनपदों में अलग-अलग थानों में विभिन्न धाराओं में 08 मुकदमें, अंकुर पर सहारपुर समेत अन्य जनपदों में अलग-अलग थानों में विभिन्न धाराओं में 11 मुकदमें और दीपक पर सहारपुर समेत अन्य जनपदों में अलग-अलग थानों में विभिन्न धाराओं में 06 मुकदमें दर्ज है। तीन लूट का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को एसएसपी की ओर से 25 हजार रूपये इनाम देने की घोषणा की है। वहीं बदमाश जिस मकान में ठहरे हुए थे उस मकान मालिक के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत चालान किया गया हैं। पत्रकार वार्ता के दौरान एसपी क्राइम श्रीमती रेखा यादव, एसपी देहात स्वप्न किशोर, एसपी स्वतंत्र कुमार समेत खुलासा करने वाली पुलिस टीम मौजूद रही।
