पीडिता ने कराया था वर्ष 2019 में दुष्कर्म व एससी-एसटी का मुकदमा
मुकदमा वापस लेने के लिए डाला जा रहा दबाब, पुलिस जांच में जुटी
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। दुष्कर्म की पीडिता के साथ गाली गलोच व मारपीट तथा मुकदमा वापस लेने के लिए धमकी देने का मामला सामने आया है। पीडिता ने कोतवाली ज्वालापुर में तहरीर देकर शिकायत की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है। बताया जा रहा हैं कि पीडिता रानीपुर मोड़ पर एक शोरूम में काम करती है। आरोप हैं कि आरोपी ने शोरूम में घुसकर उसके साथ गाली गलोच करते हुए मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
कोतवाली ज्वालापुर प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा ने बताया कि कनखल निवासी एक युवती ने तहरीर देकर शिकायत की है। शिकायत में कहा गया हैं कि वर्ष 2019 में उसने अर्जुन शर्मा निवासी राजपूत धर्मशाला के पीछे कनखल हरिद्वार के खिलाफ दुष्कर्म व एससी-एसटी का मुकदमा दर्ज कराया था, तभी से अर्जुन शर्मा उसके व उसके परिवार से रंजिश रखता है। आरोप हैं कि जब भी वह घर से बाहर निकलती हैं तो अर्जुन शर्मा उसका पीछा कर उसपर मुकदमा वापस लेने के लिए दबाब डालता है। वह रानीपुर मोड़ स्थित एक शोरूम में काम करती है।
आरोप हैं कि 30 मई को वह शोरूम में काम कर रही थी। इसी दौरान अर्जुन शर्मा शोरूम में घुसकर उसके साथ गाली गलोच करते हुए मारपीट शुरू कर दी। उसके शोर मचाने पर शोरूम में काम करने वाले कर्मचारियों ने उसको अर्जुन शर्मा से बचाया। आरोप हैं कि अर्जुन ने उसको मुकदमा वापस नहीं लेने पर जान से मार देने की धमकी देकर चला गया। पुलिस ने पीडिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
