मृतक 14 फरवरी की सुबह ससुराल से था लापता
ज्वालापुर में ससुरालियों ने कराई थी गुमशुदगी दर्ज
युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। ससुराल से छः दिनों से लापता युवक का शव ज्वालापुर पुलिस ने लोगों की सूचना पर भगतसिंह चौक के समीप हरिद्वार स्क्रेन सेंटर के पास नाले से बरामद किया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज कर ससुरालियों को सूचित कर दिया। बताया जा रहा हैं कि मृतक 10 फरवरी को पौड़ी से सुभाषनगर स्थित ससुराल आया था और 14 फरवरी से लापता था। जिसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही।
कोतवाली ज्वालापुर एसएसआई संतोष सेमवाल ने बताया कि रविवार की दोपहर को सूचना मिली की भगत सिंह चौक के समीप हरिद्वार स्क्रेन सेंटर के पास नाले में एक युवक का शव पड़ा है। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नाले से शव को बाहर निकलवा कर कब्जे में ले लिया।जिसकी पहचान के प्रयास किये। जिसकी शिनाख्त छः दिनों से लापता युवक आनंद मणी गौनियाल पुत्र बुद्धिराम उम्र 38 वर्ष निवासी गौवड़ी चबटा खाल सतपुली पौड़ी के तौर पर हुई। जिसकी कोतवाली ज्वालापुर में 17 फरवरी को लापता होने की गुमशुदगी ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा कराई गयी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजकर ससुरालियों को सूचित कर दिया है।
एसएसआई संतोष सेमवाल ने बताया कि मृतक आनंद मणी गौनियाल 10 फरवरी को अपनी सुभाषनगर ज्वालापुर स्थित ससुराल आया था। जोकि बिना किसी को कुछ बताये 14 फरवरी की सुबह घर से निकल गया और वापस नहीं लौटा। जिसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही थी।
ससुरालियों द्वारा आनंद मणी की काफी तलाश की गयी, लेकिन कोई सुराग नहीं लग पाने के कारण उनके द्वारा 17 फरवरी को कोतवाली ज्वालापुर में लापता होने की गुमशुदगी दर्ज करायी गयी थी। जहां पर आनंद मणी का शव नाले में मिला है, वहां के आसपास के लोगों ने दो दिन पूर्व विक्षिप्त स्थिति में वहां पर बैठा देखा गया था। सम्भावना जताई जा रही हैं कि मानसिक स्थिति ठीक ना होने कारण उसकी नाले में गिरकर मौत हो गयी होगी।
