बैरागी कैम्प में सरकारी दबाईयां दबाने का मामला
दवाईयों के बैच के मिलान पर एसीएमओ ने कराया केस
दवाओं के बैच की अन्य केन्द्रों पर भी हुई सप्लाई
एसीएमओ ने की प्रकरण की वृहत स्तर पर जांच की मांग
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। सरकारी दवाईयों को जमीन में दबाने के मामले में एसीएमओ की ओर से कनखल थाने में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बहादराबाद के दंत चिकित्सक, वार्ड ब्बाय समेत तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। तहरीर में एसीएमओ ने दबाई गई बैच की दवाओं को अन्य सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भी निर्गत की बात लिखी है। जिसकारण पूरे मामले की वृहत स्तर पर जांच की मांग करते हुए उक्त चिकित्सक व वार्ड ब्बाय समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की बात कही है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दंत चिकित्सक, वार्ड ब्बाय व अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कनखल थाना प्रभारी नरेश राठौर ने बताया कि अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी हरिद्वार डाॅ. पंकज जैन ने तहरीर दी है। तहरीर में कहा गया हैं कि कनखल थाना क्षेत्र के बैरागी कैम्प में 06 फरवरी 23 की रात को जमीन में सरकारी दवाईयां दबाई गयी थी। सूचना पर चिकित्सकों की टीम ने मौके पर पहुंचकर जमीन में से मिली दवाईयों की जांच की गयी। जिनमें कुछ दवाईयां एक्सपायर डेट और कुछ दवाईयों की एक्सपायर डेट 2023-24 मिली है। जोकि एक्सपायर नहीं हुई थी, जिनका इस्तेमाल जनहित में किया जा सकता था।
लेकिन ऐसा नहीं किया गया, जिससे राजकीय धन की हानि हुई है। जब चिकित्सकों की टीम ने दबाई गयी दवाईयों के बैच को केन्द्रीय औषधि भण्डार से मिलान किया गया तो पाया कि उक्त दवाईयां सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बहादराबाद को निर्गत की गयी थी। प्रारम्भिक जांच में मालूम हुआ कि उक्त सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बहादराबाद में दंत चिकित्सक डाॅ. हेमंत आर्य और वार्ड ब्बाय अजय कुमार तैनात है। प्रथम दृष्ट्या मामले में इन की संलिप्ता प्रतीत हो रही है।
वहीं एसीएमओ ने तहरीर में यह भी कहा हैं कि उक्त बैच की दवाईयों को अन्य सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र को भी निर्गत की गई थी। जिसकारण पूरे प्रकरण की वृहत स्तर पर जांच की जानी आवश्यक है। तहरीर में एसीएमओ ने उपरोक्त व अन्य के खिलाफ प्राथमिक रिपोर्ट दर्ज करते हुए अग्रिम कार्यवाही करने की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दंत चिकित्सक, वार्ड ब्बाय और अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
