शातिर चोरों से चोरी की 10 बाइके बरामद
आरोपी जेब खर्च चलाने के लिए बने बाइक चोर
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। रानीपुर पुलिस ने दो पहिया वाहन चोरी की घटनाओं को खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्रतार किया है। जिनकी निशानदेही से पुलिस ने चोरी की 10 बाइके ज्वालापुर क्षेत्र से बरामद की है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि वह जेब खर्च चलाने के लिए बाइके चोरी करते थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सम्बंधित धाराओ में मामला दर्ज कर लिया। जिसका खुलासा अपराध व यातायात पुलिस अधीक्षक सुश्री रेखा यादव ने रविवार को कोतवाली रानीपुर परिसर मे पत्रकारों से रूबरू होते हुए किया।

उन्होंने बताया कि जनपद हरिद्वार में पिछले कुछ समय से लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं को गम्भीरता से लेते हुए एसएसपी अजय सिंह द्वारा अधीनस्थों को वाहन चोरों पर लगाम कसते हुए उनकी गिरफ्रतारी के कड़े निर्देश दिये गये थे। जिसपर पुलिस द्वारा घटना स्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालते हुए वाहन चोरों की शिनाख्त के प्रयास करते हुए तलाश की जा रही थी। रानीपुर पुलिस बीती शाम को सलेमपुर क्षेत्र में गश्त के दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को दबोचा था। जिनके पास से बाइक भेल सेक्टर-4 पीठ बाजार से चोरी की मिली।
उन्होंने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ के दौरान उन्होंने अपना नाम सलमान पठान पुत्र अय्यूब निवासी ग्राम निरोजपुर लक्सर हरिद्वार और सौरभ पुत्र शिव कुमार निवासी निवासी बडी खेड़ी लक्सर हरिद्वार बताते हुए खुलासा किया कि उन्होंने अलग-अलग क्षेत्रों से कई ओर बाइके चोरी की है। जिनको उन्होंने सराय ज्वालापुर में छुपा कर रखा हुआ है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही से चोरी की गयी 9 ओर बाइकों को सराय के पास आटा मिल के खंडहर से बरामद कर ली।
अपराध एसपी ने बताया कि आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने 2 बाइक बहादराबाद क्षेत्र, 2 बाइक लक्सर क्षेत्र के देवी के मेले, 1 बाइक ज्वालापुर पीठ बाजार, 3 बालावाली तिराहे और 1 बाइक रानीपुर मोड़ से चोरी की है। आरोपी बेरोजगार हैं जोकि अपनी खर्चे के लिए बाइक चोरी कर उनकी नम्बर प्लेट उखाड़ कर फैंक देते थे और उनको औने-पौने दामों में बेचकर अपनी खर्चे पूरा करते थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। जिनको मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। पत्रकार वार्ता के दौरान कोतवाली रानीपुर प्रभारी निरीक्षक रमेश तनवार, एसएसआई आनंद मेहरा, प्लांट चौकी प्रभारी अरविंद रतूड़ी आदि मौजूद रहे।
