आरोपियों में आशा कार्यकत्री, आगंन बाड़ी समेत बच्चा खरीददार दम्पति शामिल
बच्चा खरीदने वाला हैं अपर रोड का कपड़ा व्यापारी
बच्चा लेने के लिए कपड़ा व्यापारी ने दिया था ढाई लाख का लालच
डीआईजी गढ़वाल ने दिया पुलिस टीम को 30 हजार का इनाम
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। ज्वालापुर से अपहरण हुए 8 माह के मासूम को पुलिस और सीआईयू की संयुक्त टीम ने रविवार को सकुशल बरामद करते हुए सात को गिरफ्रतार किया है। जिनमें आशा कार्यकत्री, आंगन बाड़ी वर्क्रर, बच्चा खरीदने वाला दम्पति भी शामिल है। बच्चा खरीदने वाला अपर रोड़ हरिद्वार का कपड़ा व्यापारी है। जिसने बच्चा लेने के लिए आशा कार्यकत्री, आंगन बाड़ी वर्क्रर से ढाई लाख का सौदा किया था। पुलिस टीम ने व्यापारी द्वारा दी गयी 50 हजार की नगदी भी बरामद की है। अपहरण हुए मासूम के सकुशल बरामद होने पर डीआईजी गढवाल की ओर से पुलिस टीम को 30 हजार के इनाम की घोषणा की है। इसका खुलासा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने डीआईजी गढ़वाल करन सिंह नगन्याल की उपस्थिति में रविवार को पुलिस कार्यालय रोशनाबाद में पत्रकार वार्ता के दौरान किया।

उन्होंने बताया कि रविन्द्र पुत्र चन्द्रपाल निवासी मोहल्ला कड़च्छ ज्वालापुर ने 10 दिसम्बर को सूचना दी कि उसका 8 माह का बेटा शिवांग को अज्ञात द्वारा चोरी कर लिया गया है। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी लेते हुए उनको अवगत कराया। घटना की जानकारी पर उनके द्वारा अधीनस्थों के साथ मौके पर पहुंचकर घटना की विस्तरित जानकारी लेते हुए पुलिस और सीआईयू की संयुक्त टीम को मासूम को सकुशल बरामदगी के निर्देश दिये गये। पुलिस ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालते हुए बच्चे का अपहरण करने वालों की शिनाख्त के प्रयास किये गये। पुलिस को घटना स्थल के समीप एक पडोसी पर शक जाहिर हुआ।
उन्होंने बताया कि मासूम के अपहरणकर्त्ताओं तक पहुंचने के लिए डॉग स्क्वायड टीम को भी मौके पर बुलाया गया। डॉग को बच्चे के कपड़े व अन्य समान सुंघाया गया। डॉग संदिग्ध पड़ोसी के मकान तक पहुंचा, जिसपर पुलिस को पड़ोसी परिवार पर शक गहरा गया। सीआईयू टीम को उक्त पड़ोसी के मोबाइल नम्बरों को सर्विलांस पर लगाया गया। जिनकी लोकेशन रविवार को भारत माता मन्दिर के पास मिलने पर पुलिस की टीम तत्काल मौके पर रवाना की गयी। पुलिस टीम ने घेराबंदी करते हुए एक बच्चे के साथ दो महिलाओं को दबोच लिया। जब पुलिस टीम ने अपहरण हुए मासूम की फोटो को बरामद बच्चे से मिलाया गया तो बच्चा अपहरण हुआ शिवांग निकला।

एसएसपी ने बताया कि बच्चा सकुशल मिलने की सूचना अधिकारियों को मिलने पर पीडित परिवार को सुखद जानकारी दी गयी। पुलिस टीम दोनों महिलाओ को लेेकर कोतवाली ज्वालापुर पहुंची। पूछताछ के दौरान आरोपी महिलाओ ने अपना नाम रुबी पत्नी अमित निवासी ग्राम हरि आवास थाना गागलहेड़ी सहारनपुर हाल निवासी किरायेदार सीतापुर थाना ज्वालापुर जोकि आशा कार्यकत्री मौहल्ला लोधामण्ड़ी ज्वालापुर और आशा पत्नी मनोज निवासी मौहल्ला कडच्छ थाना ज्वालापुर आंगनबाडी वर्कर बताते हुए खुलासा किया कि संजय पुत्र स्व. अशोक शर्मा निवासी श्यामपुर कांगड़ी, जिसकी अपर रोड़ हरिद्वार में कपड़ों की दुकान है। जिसके बच्चे न होने के कारण उसने हमें एक बच्चा दिलवाने के लिए बोला था। जिसकी एवज में उसने हमें ढ़ाई लाख रुपयों का वादा किया था।
इस बात की जानकारी उन्होंने अपनी परिचित किरन पुत्री सुरेन्द्र कुमार को बतायी। जिसने उनको बताया कि उसके पड़ोस में रविन्द्र का बच्चा 6-7 महिने का है, रविन्द्र का घर मेरे घर से सटा हुआ है बच्चे को में आसानी से चोरी कर दे सकती है, लेकिन बच्चा तुरन्त पार्टी को देना होगा। उन्हांने बताया कि योजना के मुताबिक किरन ने पड़ोसी रविन्द्र व उसकी पत्नी राखी को छत पर देख चुपचाप उसके घर में घुसकर बच्चे को उठा लिया, बच्चा उस समय सो रहा था। किरन ने पहले से ही अपनी रिस्तेदार सुषमा पत्नी विरेन्द्र निवासी मौहल्ला कड़च्छ को अपने घर पर बुला रखा था। किरन ने सोते हुए बच्चे को सुषमा को देकर ले जाने के लिये बोला। सुषमा बच्चे को लेकर जटवाडा पुल पहुंची, जहां किरन की मुंहबोली मां अनिता पत्नी सोमप्रकाश निवासी मौहल्ला कड़च्छ मिली, दोनों ने रुबी और आशा को बताया कि काम हो गया है, आप ग्राहक को बुला लिजिए।
जिसपर रुबी और आशा संजय को लेकर बढेड़ी राजपूतान में स्थित एक पेट्रोल पम्प के पास मिले। जहां बच्चे को संजय को देकर संजय से अनिता व सुषमा को 50,000 हजार कैश दे दिया। बाकि के दो लाख रुपये संजय ने रुबी व आशा को बाद में देने लिये वादा किया। इसके बाद संजय बच्चे को लेकर हरिपुर कलां स्थित एक गेस्टहाउस पहुंचा, लेकिन सोशल मीडिया व अखबारों पर बच्चा चोरी की खबर वायरल होने पर उसने रुबी व आशा को वहां बुलाकर बच्चा उन्हे वापस कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने दोनों को बच्चों समेत 50 हजार की नगदी के साथ दबोच लिया।
पुलिस टीम ने दोनों आरोपी महिलाओं की निशानदेही से मासूम के अपहरण में शामिल किरन पुत्री सुरेन्द्र कुमार निवासी मौहल्ला कड़च्छ ज्वालापुर, अनिता पत्नी सोमप्रकाश निवासी मौहल्ला कडच्छ ज्वालापुर, सुषमा पत्नी विरेन्द्र निवासी मौहल्ला कडच्छ ज्वालापुर और बच्चा खरीदने वाले दम्पति संजय पुत्र स्व0 अशोक शर्मा व उसकी पत्नी पारूल निवासीगण श्यामपुर कांगड़ी हरिद्वार,को गिरफ्रतार कर लिया। पुलिस ने उनके खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। डीआईडी गढवाल ने मासूम के अपहरण का खुलासा करने वाले टीम को 30 हजार का इनाम देने की घोषणा की है।
प्रेसवार्ता के दौरान अपराध् व यातायात एसपी सुश्री रेखा यादव, एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार, सीओ ज्वालापुर सुश्री निहारिका सेमवाल, कोतवाली ज्वालापुर प्रभारी आरके सकलानी, सीआईयू प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र सिंह बिष्ट, एसएसआई अंशुल अग्रवाल समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
