30 हजार की नगदी, मोबाइल व एटीएम कार्ड ले उड़े
पीडित ने कराया कोतवाली नगर में दो अज्ञात पर मुकदमा
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। बस अड्डे से सुल्तानपुर लक्सर तक कार में लिफ्रट देने के बहाने पुलिस वाले बनकर युवक से हजारों की नगदी, मोबाइल व एटीएम ठगी का मामला प्रकाश में आया है। पीडित ने कोतवाली नगर में तहरीर देकर अज्ञात दो लोगों के खिलाफ शिकायत की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक राकेन्द्र सिंह कठैत ने बताया कि सुधीर कुमार पुत्र सुन्दर लाल निवासी सुल्तानपुर लक्सर हरिद्वार ने तहरीर देकर शिकायत की है। तहरीर में कहा गया हैं कि 24 नवम्बर की देर शाम को बस अड्डे से सुल्तानपुर लक्सर के लिए कार में सवार हो गया। जब कार सिंहद्वार के समीप पहुंची, तभी कार सवार दो लोगों ने अपने को पुलिस वाले बताते हुए कहा कि वह किसी केस के सिलसिले में आये है। कुछ दूरी पर पुलिस की जिप्सी खड़ी हैं, जोकि आप लोगों की तलाशी लेगी।
इसलिए आप लोगों के पास नगदी, मोबाइल और एटीएम जो भी है, उन समान को उन्हें जमा करा दो। जिनपर विश्वास कर उसने 30 हजार की नगदी, मोबाइल, एटीएम कार्ड उनके पास जमा करा दिया। जब कार कुछ दूर आगे बढी तो पुलिस वाले बने दोनों लोगों ने उसको कार से उतार कर फरार हो गये। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए तलाश शुरू कर दी है। पुलिस बस अड्डे पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालते हुए कार की शिनाख्त के प्रयास करते हुए ठगों की तलाश में जुटी है।
