सरकार संविधान को कमजोर करने का काम कर रहीः राजीव चौधरी
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। संविधान दिवस पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशन में जिला कांग्रेस कमेटी हरिद्वार ग्रामीण द्वारा ग्राम जट बहादुरपुर में अंबेडकर चौक पर बाबा साहब भीमराव अंबेडकर जी की मूर्ति पर माल्यार्पण कर संविधान दिवस की गोष्ठी की गयी।
गोष्ठी में मुख्य अतिथि के रूप में मेहर सिंह चीफ साहब ने बताया कि बाबा साहब ने जिन कठिन परिस्थितियों में अपना बचपन से लेकर जीवन को गुजारा और जो परेशानियां दलित शोषित और पीड़ित लोगों के देश के अंदर थी, उन सब को ध्यान में रखकर संविधान का निर्माण किया। उन्होंने सभी शोषित उपेक्षित वर्गों को ध्यान में रखते हुए एक ऐसे ग्रंथ की रचना की जिसमें सभी समाज के दबे कुचले लोगों को उनका हक देने का काम किया। आज आरक्षण से लेकर तमाम वह सब व्यवस्थाएं जो समाज को आगे बढ़ाने के लिए चल रही हैं वह सब बाबा साहब के संविधान की वजह से है। इसलिए हम सबको हमेशा बाबा साहब के विचारों को लेकर समाज को जागृत करते रहना है।
इस अवसर पर हरिद्वार ग्रामीण जिला अध्यक्ष राजीव चौधरी ने कहा कि दुनिया के तमाम देशों के अंदर अगर सबसे ज्यादा विद्वान किसी व्यक्ति को माना जाता है तो बाबा साहब भीमराव अंबेडकर जी उनकी विद्वता की पूरी दुनिया कायल है। उन्होंने पूरे जीवन संघर्ष करते हुए शोषित और कमजोर लोगों की लड़ाई को लड़ा है, आज संविधान दिवस के अवसर पर हम लोगों को यह शपथ लेनी चाहिए कि उन्होंने दबे कुचले शोषित व्यक्तियों के लिए जो भी व्यवस्थाएं संविधान में दी हैं उन सब को लागू कराने के लिए संघर्ष करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आज के वर्तमान परिपेक्ष में जो सरकारें देश के अंदर काम कर रही हैं, उनका मकसद बाबा साहब के द्वारा रचित इस संविधान को कमजोर करने का है। जिस तरीके से निजीकरण और पूंजीवाद को बढ़ावा दे रहे हैं आने वाले समय में जो संविधान ने व्यवस्थाएं दलित शोषित गरीब मजदूर के लिए गरीब किसानों के लिए रखी है वह सब निजीकरण में समाप्त हो जाएंगी। भविष्य में आने वाली इस समस्या को ध्यान में रखते हुए हमें अभी से जागृत होना होगा और सरकार को ऐसे कार्य करने से रोकने के लिए एक व्यापक जनसंपर्क चलाना होगा और लोगों को जागृत करना होगा।
राजीव चौधरी ने कहा कि हम संविधान दिवस के अवसर पर बाबा साहब को साक्षी मानकर यह शपथ लेते हैं कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार को जो राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के इशारे पर संविधान को कमजोर करने की कोशिश कर रही है। उसको उसके मकसद में कामयाब नहीं होने देंगे, इसके लिए चाहे हमें कुछ भी कुर्बानी देनी पड़े।
गोष्ठी को राजवीर झाबरी ,ललित मोहन कुशवाहा, ठाकुर रतन सिंह, नौशाद अली एवं कुंवर पाल ने भी संबोधित किया और बाबा साहब के विचारों पर चलने का संकल्प लिया। गोष्ठी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जनता में मिठाई बांटकर हर्ष और उल्लास के साथ संविधान दिवस को मनाया। इस दौरान रियाजुल अली, आरिफ अल्वी ,मोनू अंबु वाला, मेहताब मेहताब ,अश्विनी कुमार ,मुकेश कुमार, आदिल त्यागी, सोनू लांबा ,मानसिंह, राजकुमार ,उमेश कुमार ,पाला सिंह, दीपक कुमार, दीप चहल, जान आलम, सुक्का, अयूब ,समूलदिनेश कुमार आदि सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
