पुलिस ने चोरी के माल के साथ नौकरानी को दबोचा
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। शिक्षिका के घर से लाखों की चोरी के मामले में ज्वालापुर पुलिस ने घर की नौकरानी को गिरफतार किया है। जिसकी निशानदेही से पुलिस ने लाखों के सोने-चांदी के जेवरात और हजारों की नगदी बरामद की है। पुलिस ने आरोपी नौकरानी के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मेडिकल के बाद उसको न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आरके सकलानी ने बताया कि शिक्षिका डॉ. चित्रा शर्मा निवासी फ्रलैट नंबर 65 ए नक्षत्र वाटिका ज्वालापुर ने शुक्रवार को कोतवाली में तहरीर देकर शिकायत की थी कि उसके घर की अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखें लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवरात व हजारों की नगदी अज्ञात द्वारा चोरी कर ली है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया तो घर की नौकरानी की भूमिका संदिग्ध नजर आयी, पुलिस को नौकरानी पर शक हुआ। जब पुलिस उसके घर पर पहुंची तो वह नदारत मिली। पुलिस ने तलाश के दौरान नौकरानी को ट्रांसपोर्ट नगर ज्वालापुर से दबोच लिया। पुलिस नौकरानी पूजा रानी पत्नी रजनीश निवास ग्राम बुडपुर जट मंगलौर हरिद्वार हाल सराय ज्वालापुर को लेकर कोतवाली पहुंची।
पूछताछ के दौरान नौकरानी ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने नौकरानी की निशानदेही पर चोरी किये गये सोने-चांदी के जेवरात और 11 हजार 350 रूपये की नगदी बरामद की है। पुलिस ने आरोपी नौकरानी के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
