घर के बाहर बुलाकर केस वापस ना लेने पर दी अंजाम बुरा होने की धमकी
पीडित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर की जांच शुरू
सीसीटीवी कैमरे के जरिये धमकी देने वाले की शिनाख्त की जा रही
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। कोतवाली ज्वालापुर क्षेत्र के खन्ना नगर में भाजपा कार्यकर्त्ता के घर पर हमला व फॉयर प्रकरण मामले में पीडित को केस वापस लेने की धमकी देने का मामला प्रकाश में आया है। पीडित के घर पर पहुंचकर दिनेश नाम के युवक ने विष्णु अरोड़ा आदिं के खिलाफ दर्ज कराये गये मुकदमे वापस लेने वरना अंजाम बुरा होने की धमकी दी है। पीडित ने धमकी मिलने के बाद मंगलवार को धमकाने वाले के खिलाफ कोतवाली ज्वालापुर में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए पीडित के घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालते हुए आरोपी की शिनाख्त के प्रयास कर रही है।
कोतवाली ज्वालापुर प्रभारी निरीक्षक आरके सकलानी ने बताया कि फॉयर प्रकरण मामले के पीडित दीपक टंडन ने कोतवाली ज्वालापुर में मंगलवार को तहरीर देते हुए शिकायत की हैं कि सोमवार की रात को एक युवक उसके घर के बाहर पहुंचा और उसको बाहर बुलाकर अपना परिचय दिनेश नाम से देकर विष्णु अरोड़ा आदि के खिलाफ दर्ज कराये गये मुकदमे वापस लेने वरना अंजाम बुरा होने की धमकी दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दिनेश नामक युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस पीडित के घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरें को खंगालते हुए आरोपी की शिनाख्त के प्रयास करते हुए जांच शुरू कर दी है।
बताते चले कि शनिवार की दोपहर को खन्ना नगर ज्वालापुर में कई दर्जन युवकों ने लाठी, डण्डे, तलवार और पिस्टल के साथ दहशत फैलाते हुए भाजपा कार्यकर्त्ता दीपक टंडन के घर पर हमला करते हुए फॉयर किया था। जिसमें दीपक टंडन बाल-बाल बच गये थे। पीडित की ओर से कोतवाली ने भाजपा कार्यकर्त्ता विष्णु अरोड़ा समेत 15 को नामजद करते हुए 30 अज्ञात के खिलाफ गम्भीर धाराओं में कोतवाली ज्वालापुर में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था।
पुलिस विष्णु अरोड़ा के भाई समेत दो आरोपियों को गिरफ्रतार कर जेल भेज चुकी है। लेकिन तीन बीत जाने के बाद भी पुलिस फरार आरोपियों को नहीं पकड़ पायी है। जबकि घटना का मुख्य आरोपी मीडिया के बीच आकर अपनी सफाई दे चुका हैं, लेकिन पुलिस उसका अभी तक कोई सुराग नहीं लगा पायी है। आरोपी और पीडित दोनों पक्ष ही पूर्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन कौशिक के खास बताये जा रहे है।
