आरोपियों की निशानदेही से चोरी के दो आटो बरामद
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। कनखल पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आटो चोरी मामले मे दो भाईयों को गिरफ्रतार किया है। जिनकी निशानदेही से पुलिस ने चोरी के दो आटो बरामद किये है। जिनमें एक आटो कोतवाली नगर क्षेत्र से चोरी किया गया है। जिसके सम्बंध् में कोतवाली नगर में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों को पुलिस ने मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
कनखल प्रभारी निरीक्षक मुकेश चौहान ने बताया कि नवीन कुमार पुत्र रमेश कुमार निवासी बैंरागी कैम्प कनखल ने 21 जनवरी को तहरीर देकर शिकायत की थी कि घर के बाहर खड़ा उसका आटो 19 जनवरी की रात को अज्ञात द्वारा चोरी कर लिया। जिसकी काफी तलाश की गयी, मगर कोई सफलता नहीं मिली। पुलिस ने पीडित की तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालते हुए चोरों की शिनाख्त के प्रयास करते हुए तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बैरागी कैम्प से आटो चोरी करने वाले दो संदिग्धों को उर्मिला फार्म हाउस जगजीतपुर कनखल में चोरी के आटो के साथ देखा गया है।
सूचना पर पुलिस ने बिना वक्त गंवाये मौके पर पहुंचकर चोरी के आटो सहित दोनों आरोपियों को गिरफ्रतार कर लिया। जिनको कनखल थाने लाया गया। जहां पर पूछताछ के दौरान पता चला कि दोनों आरोपी सगे भाई है। जिन्होंने अपना नाम सन्नी सैनी और राहुल सैनी पुत्रगण बृजपाल सैनी निवासीगण गालीवाली श्यामपुर हरिद्वार बताया है। पुलिस ने दोनों भाईयों से सख्ती से पूछताछ की गयी तो उन्होंने खुलासा किया कि 21 जनवरी की रात को राही मोटल निकट बस अड्डे के पास से एक ओर आटो को चोरी किया गया है। जब इस सम्बंध् में कोतवाली नगर से सम्पर्क करने पर चोरी की घटना सही पायी गयी।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही से दूसरा चोरी किया गया आटो माया विहार काॅलोनी जगजीतपुर कनखल से बरामद कर लिया। जिसकी जानकारी कोतवाली नगर पुलिस को भेज दी। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि दोनों भाईयों के खिलाफ रायवाला थाने में भी मुकदमे दर्ज है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
