नशे के इंजेक्शन की डिलीवरी देने के लिए आते दबोचे
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। नशे के इंजेक्शन की भारी खेप के साथ कनखल पुलिस ने स्कूटी सवार तीन नशे के सौदागरों को गिरफ्रतार किया है। जिनके पास से पुलिस ने अलग—अलग कम्पनियों के नशे के 115 इंजेक्शन बरामद किये है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। जिनको मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
कनखल प्रभारी सुश्री ओशिन जोशी ने बताया कि कनखल पुलिस को बीती शाम सूचना मिली मातृसदन पुल जगजीतपुर के रास्ते कुछ नशे के सौदागर भारी मात्रा में नशे के इंजेक्शन की डिलीवरी देने के लिए कनखल पहुंच रहे है। सूचना पर पुलिस ने मिली जानकारी पर मातृसदन पुल जगजीतपुर कनखल पर चैकिंग अभियान शुरू कर दिया। इसी दौरान स्कूटी सवार तीन युवक नजर आये, जोकि पुलिस के चैकिंग अभियान को देखकर स्कूटी को वापस मोड का भागने का प्रयास करने लगे। जिनपर पुलिस टीम को उन पर शक होने पर उनका पीछा कर कुछ ही दूरी पर स्कूटी सवार तीनों युवकों को दबोच लिया।
पुलिस टीम द्वारा तलाशी लेने पर स्कूटी से अलग—अलग कम्पनियों के नाम से नशे के 115 इंजेक्शन बरामद हुए। पुलिस टीम आरोपियों को पकड कर कनखल थाने ले आयी। जहां पर पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना नाम फरमान पुत्र अहसान निवासी भण्डारी बाग देहराखास पटेलनगर देहरादून, अभिषेक पुत्र बिंदेश्वरी निवासी पथरी बाग चौक टीएचडीसी काॅलोनी पटेलनगर देहरादून और खुर्शीद पुत्र दिलशाद निवासी जमालपुर बहादराबाद हरिद्वार बताते हुए खुलासा किया कि वह नशे के इंजेक्शन की डिलीवरी एक व्यक्ति को देने के लिए कनखल आ रहे थे कि पकड़े गये।
लेकिन आरोपियों ने बताया कि उनको डिलीवरी लेने वाले शख्स की जानकारी नहीं हैं लेकिन उनके कनखल पहुंचते ही उसका फोन आने पर उसको डिलीवरी देनी थी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। जिनको शनिवार को मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। पुलिस टीम में कनखल प्रभारी सुश्री ओशिन जोशी, सहायक प्रभारी दीपक कठैत, जगजीतपुर चौकी प्रभारी खेमेन्द्र गंगवार, उपनिरीक्षक देवेन्द्र कुमार आदि रहे।
