09-15 जुलाई तक वृक्षारोपण सप्ताह मनाने का निर्णय
अशोक वर्मा/ हरीश संतवानी
हरिद्वार। जिला गंगा संरक्षण समिति की बैठक जिलाधिकारी दीपक रावत की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी कार्यालय कक्ष में सम्पन्न हुई। बैठक में वृक्षारोपण सप्ताह मनाये जाने पर विस्तृत चर्चा हुई, जिसमें तय हुआ कि जनपद में 09 जुलाई से 15 जुलाई तक वृक्षारोपण सप्ताह मनाया जाएगा। वृक्षारोपण सप्ताह के अंतर्गत जनपदभर में पौधरोपण किया जाएगा। जिलाधिकारी ने जनपद में स्थापित इण्डस्ट्रीज, नगर निगम हरिद्वार व रुड़की, जनपद की नगर पालिकाओं व नगर पंचायतों एवं हरिद्वार-रूड़की विकास प्राधिकरण को लक्ष्य प्रदान करते हुए पौधों की व्यवस्था करने व पौधरोपण करने के निर्देश दिये हैं।जिलाधिकारी ने निर्देश दिये हैं कि जनपद में स्थापित सभी इण्डस्ट्रीज सवा लाख पौधों का रोपण करेंगी। इण्डस्ट्रीज के नोडल अधिकारी आरएम सिडकुल एचआर नौटियाल व एसडीएम भगवानपुर दीपेन्द्र नेगी होंगे। वही नगर निगम हरिद्वार व रूड़की सौ-सौ वृक्षांे का रोपण करेंगे। नगर पालिका व नगर पंचायते 50-50 पौधों का रोपण करेंगी। जबकि हरिद्वार-रूड़की विकास प्राधिकरण 200 पौधों का रोपण करेगा। जिलाधिकारी ने वृक्षारोपण कार्यक्रम में डीएफओ को तकनीकि सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिये हैं, जो यह बतायेंगे कि किस स्थान पर किस प्रजाति के पौधों का रोपण किया जायेगा। पौध रोपण कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए स्वयं सेवी संस्थाओं का भी सहयोग लिया जायेगा। जिलाधिकारी ने एसडीएम लक्सर को स्पर्श गंगा स्वयं सेवी संस्था को पौध उपलब्ध कराने के निर्देश दिये हैं।डीएम ने कहा है कि हरकी पैड़ी क्षेत्र में गंगा घाट पर कुछ लोगों द्वारा अवैध रुप में कपड़े धोने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि हरकी पैड़ी क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर इस क्षेत्र में गंगा घाटों पर कपड़े धोना प्रतिबंधित किया जाए।बैठक में डीएफओ अनिल वर्मा, परियोजना निदेशक गंगा एवं अनुरक्षण इकाई पेयजल निगम आर.के. जैन, ईई सिंचाई वीके डंगवाल, गंगा सभा से पुरूषोत्तम शर्मा, स्वयंसेवी संगठन स्पर्श गंगा से रीता चमोली, मंजू रावत व करन पंडित आदि उपस्थित थे।
