मुकेश वर्मा/ अजय नेगी
हरिद्वार। बाइक सवार दो लोगों को पीछे से आ रहे डम्पर ने टक्कर मार दी। घटना में पीछे बैठे व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गयी। जबकि चालक गम्भीर रूप से घायल हो गया। जिसको उपचार के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया। जबकि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजकर परिजनों को सूचित कर दिया। पुलिस ने घटना के आरोपी डम्पर चालक को गिरफ्रतार कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार की सुबह सिड़कुल लेबर चौक से बाइक सवार ठेकेदार सलेमपुर में निर्माणाधीन मकान में टाईल लगवाने के लिए एक मजदूर दुष्यंत पुत्र जीवन सिंह उम्र करीब 19 वर्ष निवासी ग्राम रावली महदूद रानीपुर हरिद्वार को बाइक से ले जा रहा था। बताया जा रहा हैं कि जब बाइक सवार ठेकेदार सलेमपुर चौक के पास पहुंचा। इसी दौरान तेज रफ्रतार से पीछे से आ रहे डम्पर चालक ने जोरदार टक्कर मार दी। घटना में बाइक के पीछे बैठा मजदूर दुष्यंत की मौके पर ही मौत हो गयी। जबकि बाइक चालक ठेकेदार गम्भीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया और घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को भेज दी। पुलिस ने डम्पर का पीछा कर कुछ ही दूरी पर चालक को पकड़ लिया।
