कार के शीशे तोड़े, पुलिस आरोपियों की तलाश मेें जुटी
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। हिलबाई पास मार्ग से सटी औधोगिक क्षेत्र स्थित एक कंपनी के मालिक पर कुछ शरारती युवकों ने हमला करते हुए उनकी गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गयी। घटना की सूचना मिलते ही पीडित मालिक के शुभचितंकों ने मौके पर पहुंचकर पुलिस से शिकायत की है। पुलिस ने तहरीर के आधर पर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार हिलबाई मार्ग से सटी औधोगिक इकाई स्थित गायत्री हर्बल कंपनी के मालिक राजेश गोयल शनिवार की सुबह अपने कार्यालय में बैठे थे कि तभी दो लोगों ने कंपनी का मेन गेट खोलते हुए उनपर हमला बोल दिया और कंपनी प्रांगण में खड़ी कार के शीशे तोड़ डाले। पुलिस को सूचना देने पर आरोपी मौके से फरार होने मे कामयाब रहे। घटना की सूचना मिलते ही पीडित राजेश गोयल के शुभचितंकों सहित इंडस्ट्रियल एरिया एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रभात कुमार व सचिव विनीत धीमान मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और पीडित की तहरीर के आधार पर घटना की जांच के साथ-साथ आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
