मुकेश वर्मा
हरिद्वार। कनखल क्षेत्र में नगर निगम की टीम ने सफाई निरीक्षक अमित सिंह नेगी एवं सेनेट्री इंस्पेक्टर सुमित कुमार के नेतृत्व में कनखल चौक, इंदिरा बस्ती सहित शीतला माता मंदिर के निकट चैकिंग अभियान चलाया। इस दौरान एक दुकानदार का प्रतिबंधित पाॅलिथीन में सामान बेचने के आरोप में एक हजार रूपये का चालान किया गया, साथ ही लोगों द्वारा गंगा जी में डाली जा रही गंदगी व गंदा पानी की रोकथाम हेतु नोटिस काटा गया। यह जानकारी देते हुए नगर निगम के सफाई निरीक्षक अमित सिंह नेगी ने बताया कि आज कनखल क्षेत्र के चौक बाजार, इंदिरा बस्ती सहित शीतला माता मंदिर के निकट चैकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान एक सब्जी बेचने वाले दुकानदार द्वारा प्रतिबंधित पाॅलिथीन में सामान बेचा जा रहा था, जिसका मौके पर एक हजार रूपये का चालान किया गया। उन्होंने आगे बताया कि कुछ लोगों द्वारा गंगा जी में भारी गंदगी सहित गंदा पानी सीधे तौर पर डाला जा रहा था। जिसकी शिकायत भी पूर्व में मिल चुकी थी। मौके पर जाकर शिकायत को सही पाये जाने पर पांच लोगों को नोटिस जारी किया गया है। जिसमें राकेश गिरी पुत्रा क्षेत्रपाल गिरी निवासी शीतला माता मंदिर, सपना दास पाले निवासी इंदिरा बस्ती कनखल, राजू देवनाथ पुत्र राम देवनाथ, अमर मंडल पुत्र अमित मंडल एवं साध्ना सरकार पत्नी सुरेन्द्र सरकार इंदिरा बस्ती शामिल हैं। उन्होंने यह भी बताया कि इन सभी पांचों का नगर निगम की उपधारा 258 घ के अंतर्गत नोटिस काटा गया है। उन्होंने बताया कि प्रतिबंधित पाॅलिथीन की बिक्री और उसके इस्तेमाल सहित गंगा जी में डाली जा रही गंदगी के विरूद्ध चलाया जा रहा चैकिंग अभियान आगे भी अनवरत जारी रहेगा।
