एक युवक की हालत गम्भीर, हाॅयर सेंटर एम्स रेफर
घटना की वजह पुरानी रंजिश बतायी जा रही
कनखल क्षेत्र के पांच युवकों पर ज्वालापुर में मुकदमा
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। ज्वालापुर रेलवे फाटक के पास दो दोस्तों पर सरेआम कुछ लड़कों ने चाकूओं से हमला कर घायल कर दिया। घटना से क्षेत्र में हड़कम्प मच गया।घटना शुक्रवार की बतायी जा रही है। घायलों को उपचार के लिए मेला अस्पताल भेजा गया। जहां पर एक युवक की हालत गम्भीर देखते हुए उपचार के लिए हाॅयर सेंटर एम्स रेफर कर दिया। जबकि दूसरे को उपचार के बाद छुट्टी दे दी। पीडित ने रविवार को कोतवाली ज्वालापुर पहुंचकर कनखल क्षेत्र के पांच लड़कों के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है।
कोतवाली ज्वालापुर एसएसआई संतोष सेमवाल ने बताया कि शुभम पुत्र स्व. किशन मुरारी निवासी राजीव नगर काॅलोनी ज्वालापुर ने रविवार को कोतवाली में तहरीर देकर शिकायत की है। शिकायत में कहा हैं कि वह अपने दोस्त हिमांशु के साथ 27 जनवरी को किसी काम से ज्वालापुर रेलवे फाटक के पास गया था। आरोप हैं कि तभी पांच लड़कों मोहित पुत्र देवेन्द्र सिंह, रवि, अजय, रोहित और योगी पुत्र शिव कुमार धीमान निवासीगण जमालपुर झण्डा चैक कनखल हरिद्वार ने उनको घेर कर मारपीट करते हुए चाकू से हमला कर घायल कर दिया।
उनके शोर मचाने पर लोगों के पहुंचने पर हमलावर उनको जान से मारने की धमकी देकर भाग खड़े हुए। उनको उपचार के लिए मेला अस्पताल ले जाया गया। जहां पर उसके पेट में टांके लगाकर उसको छुट्टी दे दी। जबकि उसके दोस्त हिमांशु की हालत गम्भीर देखते हुए उसको चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हाॅयर सेंटर एम्स रेफर कर दिया। एम्स में उसका उपचार चल रहा है। पीडित युवक ने आरोपियों से अपनी जान को खतरा बताया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
