एमएनएस सुरक्षा कर्मी के पूर्व पार्षद को धक्का देने पर बिगड़ा माहौल
कार्यालय के बाहर भीड़ ने नगर आयुक्त को घेर कर की धक्का-मुक्की
काम से निकाले गये सफाई कर्मचारियों को लेकर आये थे मिलने
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। दो माह का वेतन दिये बिना आउटसोर्स कर्मचारियों को हटाये जाने तथा उनको दोबारा काम पर रखवाने को लेकर मंगलवार को नगर आयुक्त से मिलने पहुंचे पार्षद व नेताओं के बीच जमकर तीखी नोंकझोंक हो गयी। बताया जा रहा हैं कि इस दौरान नगर आयुक्त के सुरक्षा कर्मी द्वारा जन प्रतिनिधि को धक्का देने से नाराज भीड़ ने जमकर हंगामा काटा। नगर आयुक्त के सुरक्षा कर्मी के पक्ष में उतरने पर उनको भी भीड़ का कोप का भाजन बनना पड़ा। बताया जा रहा हैं कि भीड़ ने नगर आयुक्त को कार्यालय के बाहर घेरकर उनके साथ धक्का मुक्की तक कर डाली। नगर आयुक्त ने स्थिति को भांपते हुए वह बैठक में हिस्सा लेने की बात कहते हुए निकल गये।
जानकारी के अनुसार नगर निगम के अपर रोड क्षेत्र में सफाई का काम करने वाली कंपनी ने करीब पचास सफाई कर्मचारियों को बिना दो माह का वेतन दिये बिना ही काम से निकाल दिया। कम्पनी द्वारा काम से हटाये गये सफाई कर्मचारियों को दोबारा काम पर रखवाने की मांग को लेकर कांग्रेस के पार्षद राजीव भार्गव, महानगर कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष अमन गर्ग, पूर्व पार्षद कन्हैया खेवड़िया, श्रमिक नेता मुरली मनोहर, युवा कांग्रेसी नेता तुषार कपिल नगर आयुक्त से वार्ता करने पहुंचे। इस दौरान नगर आयुक्त ने सफाई कर्मचारियों को कमरे से बाहर जाने की बात कहते हुए, वहां मौजूद कर्मचारियों से उन्हें बाहर निकालने के निर्देश दे दिए।
बताया जा रहा हैं कि जिसका पूर्व पार्षद कन्हैया ने इसका विरोध करते हुए सफाई कर्मचारियों को वहीं रुकने को बोल दिया। जिससे नाराज नगर आयुक्त जिलाधिकारी की बैठक में हिस्सा लेने की बात कहते हुए कार्यालय से बाहर निकल आये। बताया जा रहा हैं कि इसी दौरान नगर आयुक्त के सुरक्षा कर्मी ने पूर्व पार्षद कन्हैया खेवडियां को धक्का दे दिया। जिससे नाराज कर्मचारियों व पार्षदो ने नगर आयुक्त को कार्यालय के बाहर निकलते ही घेर लिया और दोनों प़क्षों के बीच जमकर तीखी नोंकझोंक हुई।
आरोप हैं कि भीड़ ने इस दौरान नगर आयुक्त के साथ धक्का-मुक्की भी की। जिसके बाद नगर आयुक्त ने स्थिति को भांपते हुए वह वहां से बैठक में भाग लेने की बात कहते हुए निकल गये। पूर्व पार्षद कन्हैया खेवड़िया का आरोप है कि इस दौरान नगर आयुक्त के सुरक्षा कर्मी ने उन्हें धक्का दे दिया। उसके बाद गुस्साए कर्मचारियों ने हंगामा किया। इस दौरान हो सकता हो किसी कर्मचारी का हाथ नगर आयुक्त को लग गया हो।
