
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र में एक महिला से दरिंदगी करने वाले फरार आरोपी का शव पुलिस ने रूड़की गंगनहर से बरामद किया है। पुलिस मामले को आत्महत्या मान रही है। लेकिन पुलिस इस बात का पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि आरोपी ने किन परिस्थितियों में आत्महत्या की। जबकि पुलिस फरार आरोपी के मामा, भाई, पिता, चाचा और जीजा को फरार आरोपी की मदद करने के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने बताया कि सिडकुल थाने में 12 मई 25 को एक युवक ने तहरीर देकर शिकायत दर्ज करायी थी। पीडित ने आरोप लगाया था कि 11 मई 25 की दोपहर को उसकी बाजार गयी बहन को रजत पुत्र सतपाल निवासी सहदेवपुर थाना पथरी बहला फुसला कर अपने कमरे में ले गया था। जहां पर उसने उसकी बहन के साथ जबरन दुष्कर्म किया, बहन के विरोध करने पर रजत ने उसकी आंखों में मिर्च डालकर सरिये से हमला कर गम्भीर रूप से घायल कर फरार हो गया था। पीडिता का उपचार एम्स ऋषिकेश में जारी है। जिसकी हालत गम्भीर बनी हुई है। पुलिस आरोपी की सरगर्मी से तलाश में जुटी थी। पुलिस ने फरार आरोपी की गिरफ्तारी पर 5 हजार का इनाम भी घोषित किया था। पुलिस ने रूड़की गंगनहर से एक अज्ञात शव बरामद किया था। जिसकी शिनाख्त रजत के रूप में हुई है।