कप्तान के साथ खिंची फोटो दिखाकर कर रहा था रौब गालिब
मामला के संज्ञान पर एसएसपी ने लिया था कड़ा एक्शन
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। पुलिस ने दस हजार के इनामी फरार स्मैक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। जिसपर कप्तान के साथ फोटो खिंचवा कर सोशल एकांउट में फोटो लगाकर लोगों पर रौब गालिब करने का भी आरोप है। पुलिस ने आरोपी को दर्ज मुकदमें समेत अन्य धाराओं की बढोत्तरी कर मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
मंगलौर प्रभारी निरीक्षक मनोज मैनवाल ने बताया कि दस हजार के इनामी फरार स्मैक तस्कर व कप्तान के साथ खिंची फोटो को सोशल एकांउट पर लगाकर पर लोगों पर रौब गालिब करने वाले सलमान पुत्र जहांगीर उर्फ जंगू निवासी पीरपुरा मंगलौर हरिद्वार को सूचना पर गांव से ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
बताते चले कि फरार चल रहे शातिर स्मैक तस्कर पुलिस की कार्यवाही से बचने करने इरादे से नवागंतुक कप्तान को बधाई देने वालों की भीड़ का फायदा उठाकर गुलदस्ता देकर फोटो खिंचवाकर सोशल एकांउट में लगा ली। जिसके बाद फरार स्मैक तस्कर क्षेत्र के लोगों पर भी रौब गालिब करने लगा। जिसकी शिकायत कप्तान तक पहुंचने पर उन्होंने मामले को गम्भीरता से लेते हुए फरार आरोपी पर कड़ा एक्शन लिया।
कप्तान अजय सिंह ने फरार स्मैक तस्कर की गिरफ्तारी पर दस हजार का इनाम रख दिया। वहीं उनके आदेश पर मंगलौर पुलिस ने फरार आरोपी के खिलाफ न्यायालय से गैर जमानती वांरट भी जारी करा लिये। पुलिस फरार इनामी स्मैक तस्कर की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर फरार इनामी को पीरपुरा गांव से ही गिरफ्तार कर लिया। कप्तान ने ऐसे शातिर अपराधियों को, जोकि आलाधिकरियों के साथ फोटो खिंचवाकर अपनी बदनीयती के लिए फोटो का इस्तेमाल करते हैं उनके खिलाफ कड़ी कार्यवाही भरा एक्शन लेने का संदेश दिया है।
