सिडकुल में गोली कांड में हुआ नया खुलासा, चार गिरफ्तार
315 बोर के दो तमंचे, दो जिंदा कारतूस व एक बाइक बरामद
स्मैक तस्कर व सुभाष ने की थी पैडलर के भाई के साथ मारपीट
सुभाष स्मैक पैडलर की गर्लफ्रेेंड पर भी रखता था बुरी नजर
स्मैक तस्कर फरार, पुलिस सरगर्मी से फरार की तलाश में जुटी
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। सिडकुल पुलिस ने दो दिन पूर्व क्षेत्र में हुए गोली कांड में नया खुलासा गैंगवार के तौर पर करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से पुलिस ने 315 बोर के दो तमंचे, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और एक बाइक बरामद की है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना को गैंगवार का नतीजा बताया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। जिनको मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।

घटना क्रम का खुलासा करते हुए एसएसपी हरिद्वार अजय सिंह ने बताया कि 26 अगस्त की रात को सिड़कुल क्षेत्र स्थित रावली महदूद में एक युवक को गोली मारने की सूचना मिली थी। सूचना पर एसपी क्राइम रेखा यादव समेत पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी लेते हुए घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया था। जहां से घायल को उपचाार के लिए हॉयर सेंटर रेफर कर दिया गया। घायल युवक की पहचान सुभाष पुत्र उमेश निवासी रावली महदूद सिडकुल हरिद्वार के तौर पर हुई थी, जिसके जांघ में गोली लगी थी।
उन्होंने बताया कि प्रारम्भिक जानकारी में गोली कांड के पीछे गर्लफ्रंेड को लेकर विवाद सामने आया था। पुलिस ने घटना स्थल के आसपास ग्रामीणों से जानकारी हासिल की तो गोली कांड में रचित नाम के साथ-साथ अन्य युवकों के नाम भी प्रकाश में आये थे। मामले को गम्भीरता से लेते हुए उनके द्वारा अधीनस्थों को गोली कांड का खुलासा करते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी करने के निर्देश दिये गये थे।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने गोली कांड में शामिल आरोपियों को दबोचने के लिए मुखबिरों की भी मदद ली गयी। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान सूचना पर पुलिस टीम ने सोमवार को इन्द्रलोक कालोनी के पास खाली गाउण्ड के पास से बाइक सवार चार आरोपियों को दबोच लिया। जिनके पास से पुलिस ने 315 बोर के दो तमंचे, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किये।
कप्तान ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना नाम रचित पुत्र पवन कुमार निवासी ताहरपुर थाना हल्दौर जिला बिजानौर हाल रावली महदूद थाना सिडकुल हरिद्वार, गौरव’ पुत्र संजीव निवासी मलपुरा पैजनिया थाना हल्दौर बिजनौर हाल निवासी रावली महदूद थाना सिडकुल हरिद्वार, मोहित’ कश्यप पुत्र अयज कश्यप निवासी तिरुपति कालोनी, टंकी के सामने, सलेमपरु थाना रानीपुर हरिद्वार स्थायी निवासी मकदूम जहांसराय, रामलीला भवन गंगोह थाना गंगोह, जिला सहारनपुर और गौरव पुत्र सुभाष निवासी मलपुरा पैजनिया थाना हल्दौर जिला बिजनौर हाल निवासी अनिल सैनी का मकान, रावली महदूद थाना सिडकुल हरिद्वार बताया है।
उन्होंने बताया कि घायल सुभाष की दोस्ती स्मैक तस्कर पंकज से थी और रचित स्मैक तस्कर का पैडलर था। स्मैक तस्कर पंकज और सुभाष ने मिलकर रचित के कमरे में पहुंचकर उसके भाई अंकित से मारपीट की थी। इतना ही नहीं दोनों जगह-जगह रचित को रोककर गाली गलौच करते हुए धमकी देते थे।
एसएसपी ने बताया कि सुभाष की नजर रचित की गर्लफ्रेेेंड पर भी थी। घटना वाले दिन पंकज और सुभाष ने बातचीत के लिए रचित को बुलाया था। जिसपर रचित को अंदेशा था कि पकंज व सुभाष उसके साथ मारपीट कर सकते है। इसलिए रचित ने भी अपने तीन साथियों गौरव, मोहित व गौरव-2 को मामले की जानकारी देते हुए उसके साथ चलने के लिए बोला था। रचित ने अपने साथियों को कहा था कि अगर उसके साथ मारपीट होती हैं तो दोनों पर गोली दाग देना।
कप्तान ने बताया कि रचित अपने साथियों के साथ दो तमंचे व जिंदा कारतूस के साथ बाइक से उनके बुलाये स्थल पर पहुंचे। इसी दौरान सुभाष ने रचित के साथ मारपीट शुरू कर दी। जिसपर घटना पूर्व अंदेशे पर रचित ने तमंचा निकाल कर सुभाष पर फॉयर दाग दिया, गोली सुभाष के जांघ में लगी। इसी दौरान गौरव ने भी फॉयर करते हुए चारों बाइक से घटना स्थल से फरार हो गये। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज करते हुए गिरफ्तार कर लिया। स्मैक तस्कर पंकज फरार हैं, जिसकी पुलिस सरगर्मी से तलाश में जुटी है। पुलिस ने आरोपियों को मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
गोली कांड का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में सिडकुल एसओ नरेश राठौड़, एसएसआई शहजाद अली, दरोगा इंदर सिंह गड़िया, अउनि सुभाष रावत, कांस्टेबल सतेन्द्र थाना, दीपक दानू और गजेन्द्र सिंह मौजूद रहे।
