आरोपियों से झपटा गया मोबाइल बरामद
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। युवती से मोबाइल झपटने वाले बाइक सवार दो युवकों को सिडकुल पुलिस ने क्षेत्र से दबोचा है। जिनके पास से पुलिस ने युवती का झपटा गया मोबाइल व वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। जिनको मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
सिडकुल थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार उनियाल ने बताया कि एक युवती अंजुम पुत्री ताहिर निवासी लाठर देवा झबरेड़ा हरिद्वार हाल महादेवपुरम सिडकुल ने बुधवार को तहरीर देते हुए शिकायत की थी कि डैंसो चौक पर बाइक सवार दो युवक उसके हाथ से मोबाइल झपटकर फरार हो गये। पुलिस ने तहरीर के आधार पर बाइक सवार दो अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से बाइक सवार युवकों की पहचान कराने के प्रयास करते हुए तलाशना शुरू कर दिया। इसी दौरान गुरूवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली की युवती से मोबाइल झपटने वाले बाइक सवार दोनों युवकों को रावली महदूद में देखा गया है।
सूचना पुलिस ने बिना वक्त गंवाये बताये गये नम्बर की बाइक सवार दोनों युवकों को रावली महदूद से दबोच लिया। जिनकी तलाशी लेने पर पुलिस ने उनके पास से युवती से झपटा गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया। पुलिस आरोपियों को पकड़ कर थाने लेकर पहुंची। जहां पर पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना नाम निशू वर्मा पुत्र सुभाष वर्मा निवासी ग्राम सोबापुर मेडिकल मेरठ हाल आदर्श काॅलोनी नई मण्डी मुजफ्रफरनगर यूपी और कार्तिक चौहान पुत्र तेजपाल निवासी ग्राम दतियाना छपार मुजफ्रफरनगर यूपी हाल रावली महदूद सिडकुल हरिद्वार बताते हुए युवती से मोबाइल झटमारी की वारदात को अंजाम देना कबूल किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए वारदात में इस्तेमाल बाइक को सीज कर दिया। पुलिस ने आरोपियों को मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
