आरोपी महिलाओं से एक—एक ब्लेड कटर बरामद
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। कोतवाली नगर पुलिस ने क्षेत्रा में गश्त के दौरान तीन महिलाओं को जेब काटने की योजना बनाते गंगा घाट से दबोचा है। जिनके पास से पुलिस ने एक-एक ब्लेड कटर बरामद किया है। पूछताछ के दौरान महिलाओं ने जेब काटने की योजना बनाने की बात कबूली है। पुलिस ने आरोपी महिलाओं के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया हैं। जिनको मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक राकेन्द्र सिंह कठैत ने बताया कि शनिवार की शाम को पुलिस क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान संत बहुल्य क्षेत्र स्थित परमार्थ घाट की सीढ़ियां पर बैठी तीन संदिग्ध् महिलाओं को दबोच लिया। जिनके पास से पुलिस ने एक-एक ब्लेड कटर बरामद किया है। जिनको कोतवाली लाकर पूछताछ की गयी। पूछताछ के दौरान आरोपी महिलाओं ने अपना नाम लक्ष्मी पत्नी धीरज, कोमल पत्नी रवि और गायित्री पत्नी आशीष निवासीगण झुग्गी झोपडी रोडीबेलवाला हरिद्वार बताते हुए खुलासा किया कि वह मूल खानाबदोश निकट पार्क लालकिला नई दिल्ली के हैं।
उनका कोई स्थायी ठिकाना नहीं है, चलते फिरते रहते हैं। गरीब लोग हैं, अपना पेट पालने के लिए कथा, सीजन, मेले, स्नान में घाटों पर महिलाओं के बीच में शामिल होकर उनकी जेब काटते हैं तथा मौका मिलने पर उनके पर्स आदि चोरी करते हैं, वह परमार्थ घाट पर जेब काटने की योजना बना रहे थे और हम तीनों एक साथ ही वहां जेब काटने के इरादे से आये थे। पुलिस ने आरोपी महिलाओं के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज करते हुए मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
