संचालक पर खाते धारकों का पैसा लेकर भाग जाने का आरोप
कोतवाली ज्वालापुर में संचालक की गिरफतारी को लेकर हंगामा
फंड कार्यालय के कम्प्यूटर व दस्तावेजों को पुलिस ने कब्जे में लिये
पुलिस की संचालक की गिरफतारी के लिए तबाड़तोड़ छापेमारी
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। कोतवाली ज्वालापुर में रविवार को भारी संख्या में मुस्लिम फंड के खाते धारकों ने फंड संचालक की गिरफतारी व उनकी रकम दिलाने की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। पुलिस ने हंगामा करने वाले लोगों से मामले की जानकारी लेते हुए कार्यवाही का भरोसा दिलाया। पुलिस ने एक पीडित की तहरीर पर फंड संचालक के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी के दो बैंक खातों को सीज कराते हुए उसकी चल अचल सम्पत्ति के बेचने पर रोक लगाने के लिए डीएम से पत्राचार भी किया गया है। पुलिस आरोपी को दबोचने के लिए सम्भावित ठिकानों पर लगातार तबाड़तोड़ छापेमारी करने में जुटी है।

कोतवाली ज्वालापुर प्रभारी निरीक्षक आरके सकलानी ने बताया कि वसीम राव पुत्र समीम राव निवासी इब्राहिमपुर थाना पथरी हरिद्वार ने कोतवाली में तहरीर देते हुए शिकायत की है। शिकायत में कहा गया हैं कि अब्दुल रज्जाक पुत्र शर्फू निवासी ग्राम सराय ज्वालापुर हरिद्वार जो म्यूच्यूअल बेनिफिट लिमिटेड मुस्लिम फंड नामक संस्था पिछले 20 वर्षों से मेन रोड मौहल्ला हज्जावान ज्वालापुर में चला रहा था। जिसमें उसके द्वारा 2.81 लाख और अन्य लोगों द्वारा भी अपना धन जमा कराया गया था, को फंड संचालक लेकर फरार हो गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए आलाधिकारियों को अवगत कराया गया।

मामले को एसएसपी अजय सिंह ने गम्भीरता से लेते हुए अधीनस्थो को तत्काल आरोपी के खिलाफ कार्यवाही करने के निर्देश देते हुए पटाक्षेप पुलिस टीम का गठन किया गया है। कप्तान के निर्देश पर ज्वालापुर पुलिस ने आरोपी अब्दुल रज्जाक व मुस्लिम फंड के बैंक आफ बडौदा व इंडीयन ओवरसीज बैंक खातों को रविवार होने के बावजूद बैंक प्रबंधकों से सम्पर्क कर खातों को सीज करा दिया। वहीं पुलिस की एक टीम अब्दुल रज्जाक की चल-अचल सम्पत्तियों का पता लगा रही है जिनके विक्रय पर रोक लगाने के लिए जिलाधिकारी हरिद्वार से पत्राचार किया गया है।

पुलिस की टीम फरार आरोपी की तलाश में सम्भावित ठिकानों पर लगातार तबाड़तोड़ छापेमारी कर रही है। पुलिस आरोपी को दबोचने के लिए मुखबिरो की भी मदद ले रही है। पुलिस टीम ने मुस्लिम फंड कार्यालय पहुंचकर कंप्यूटर, महत्वपूर्ण इलेक्ट्राॅनिक उपकरण सहित समस्त दस्तावेजों को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।
