आरोपियों से एक-एक ब्लेड कटर व नगदी बरामद
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। कोतवाली नगर पुलिस ने हरकी पौडी के समीप जेब काटने की योजना बनाते महिला समेत चार लोगों को दबोचा है। जिनके पास से पुलिस ने एक-एक ब्लेड कटर और पांच हजार की नगदी बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। जिनको मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक राकेन्द्र सिंह कठैत ने बताया कि पुलिस ने बीती शाम क्षेत्र में गश्त के दौरान हरकी पौडी के समीप तिरछे पुल के नीचे जेब काटने की योजना बनाते महिला समेत चार लोगों को दबोचा है। जिनकी तलाशी लेने पर पुलिस ने उनके पास से एक-एक ब्लेड कटर और पांच हजार की नगदी बरामद की है।
पुलिस आरोपियों को लेकर कोतवाली पहुंची। जहां पर पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना नाम गोपाल उर्फ ध्रवपाल पुत्र देवीराम निवासी नरो थाना बिजयगढ जिला अलीगढ यूपी, उमेश पुत्र महिपाल निवासी उपरोक्त, प्रेम किशोर पुत्र शांती स्वरूप निवासी ग्राम बरौला थाना वन्ना देवी जिला अलीगढ और देवकी पत्नी कुंवरपाल निवासी हिन्दूपुरा थाना किसली जिला मैनपुरी यूपी बताते हुए खुलासा किया कि वह भीड़भाड़ का फायदा उठाकर श्रद्धालुओं की जेब कटाने की वारदात को अंजाम देते है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज करते हुए मेडिकल के बाद उनको न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
