हरियाणा के पांच लोग नैट पर सट्टा संचालित करते गिरफ्रतार
आरोपियों से हजारों की नगदी, 32 मोबाइल, 5 लैपटाॅप, एक एलईडी बरामद
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। एक होटल से चल रहे आईपीएल क्रिकेट मैच सट्टा कारोबार का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने छापा मारकर हरियाणा के पांच आरोपियों को गिरफ्रतार किया है। जिनके पास से हजारों की नगदी, 32 मोबाइल फोन, पांच लैपटाॅप, एक एलईडी टीवी बरामद किया है। आरोपी हरियाणा से आकर क्रिकेट मैच में सट्टा लगवाने में जुटे थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। जिसकी जानकारी नगर पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने कोतवाली नगर में पत्रकार वार्ता के दौरान दी। उन्होंने बताया कि बीती रात को खड़खड़ी चौकी प्रभारी राजेन्द्र सिंह रावत को मुखबिर से सूचना मिली कि दूधाधारी चौक के समीप स्थित होटल कृष्णा हैरिटेज में हरियाणा के कुछ लोग आईपीएल क्रिकेट मैच सट्टा लगवा रहे है। सूचना की जानकारी चौकी प्रभारी द्वारा आलाधिकारियों को देते हुए उनके निर्देश पर उक्त होटल में छापा मारकर कमरा नम्बर 405 व 406 से पांच लोगों को सट्टा कारोबार संचालित करते हुए रंगेहाथों पकड़ लिया। जिनके पास से पुलिस को 71,925 की नगदी, 32 मोबाइल जिनमें 07 आई फोन, पांच लैपटाॅप, एक एलईडी टीवी आदि समान बरामद किया है। जिन्होंने पूछताछ के दौरान अपना नाम अमित कुमार छाबड़ा उर्फ गोल्डी पुत्र आनन्द कुमार निवासी मकान नम्बर 147 एनआईटी फरीदाबाद हरियाणा, तरूण कोहली पुत्र कीमती लाल निवासी 1/10 एनआईटी फरीदाबाद हरियाणा, राजेश कुमार पुत्र स्व. खानचंद निवासी 2ए/17 फरीदाबाद हरियाणा, ललित गांधी पुत्र स्व. प्रभुदयाल गांधी निवासी मकान नम्बर 370 सैक्टर 17 फरीदाबाद हरियाणा और तरूण पुत्र राकेश कुमार निवासी मकान नम्बर 427 सैक्टर 19 फरीदाबाद हरियाणा बताया है। एसपी सिटी ने बताया कि आरोपियों ने जानकारी दी हैं कि वह इण्टरनेट द्वारा सट्टे के कारोबार में लम्बे समय से जुडे है। आरोपियों में एक आरोपी अमित छाबड़ा पूर्व में आईपीएल क्रिकेट मैच सट्टे में पकड़ा जा चुका है। लेकिन अभी आरोपियों के बारे में ओर जानकारी जुटाई जा रही है। एसएसपी जन्मेजय खूण्डरी ने आईपीएल क्रिकेट मैच सट्टा कारोबार का पर्दाफाश करने वाली टीम को ढाई हजार का ईनाम देने की घोषणा की है। प्रेसवार्ता के दौरान सीओ सिटी अभय सिंह, कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कोश्यारी आदि मौजूद थे।
