बहादराबाद की युवती से की थी आईपीएस अधिकारी बनकर सगाई
युवती के भाई को शक होने पर कराया था बहादराबाद में मुकदमा
एसएसपी के आदेश पर सहारनपुर के बेहट से किया गिरफ्तार
आरोपी से वर्दी में दो फोटो व 8 डीसीपी की फर्जी आईडी बरामद
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। सीबीआई का डीसीपी बनकर युवती से सगाई करने वाले फर्जी आईपीएस अधिकारी को बहादराबाद पुलिस ने सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया। जिसके पास से पुलिस ने आईपीएस वर्दी में दो फोटो व आठ डीसीपी की फर्जी आईडी बरामद की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सम्बंधित धाराओं मे मामला दर्ज कर लिया। जिसको पुलिस ने मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।

एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि आंनद विहार कॉलोनी निकट रानीपुर झाल ज्वालापुर बहादराबाद निवासी एक युवक ने 08 दिसम्बर 22 को तहरीर देकर शिकायत की थी। शिकायत में कहा गया था कि एक शख्स वसीम आजम पुत्र समीम निवासी ग्राम सधोली कदीम बेहट सहारनपुर यूपी ने अपने को सीबीआई का डीसीपी बताकर उसकी बहन से सगाई की हैं। जिसने अपनी वर्तमान में पोस्टिंग पटियाला मे बताई है। जिसके सीबीआई डीसीपी होने पर उनको शक है। जिसपर पुलिस ने शिकायत पर जांच शुरू कर दी।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने सीबीआई ब्रांच दिल्ली और देहरादून में दस्तावेजों को खंगालने पर उक्त नाम पते के किसी भी व्यक्ति के सीबीआई डीसीपी होने की पुष्टि नहीं हुई। जिसके बाद पुलिस ने नकली सीबीआई डीसीपी कुंडली को खंगाला तो मालूम हुआ कि उक्त फर्जी आईपीएस अधिकारी ने कई लोगों से ठगी की है। जिसके बाद पुलिस ने सीबीआई का डीसीपी बने फर्जी आईपीएस अधिकारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी।
कप्तान ने बताया कि पुलिस फर्जी आईपीएस अधिकारी की तलाश में जुटी थी कि इसी दौरान सूचना पर पुलिस ने सहारनपुर के बेहट से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से आईपीएस वर्दी में दो फोटो, आठ डीसीपी की फर्जी आईडी बरामद की है। साथ ही पुलिस टीम ने आरोपी के पास से फोटो शॉप से तैयार की गयी कई फर्जी फोटो भी बरामद की है। जिसके आधार पर ठग लोगों को अपने झांसे लेकर अपनी ठगी का शिकार बनाता था। पुलिस ने आरोपी को मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
