
प्रेमचंद्र अग्रवाल व मुख्यमंत्री धामी का पुतला फूंका
कैबिनेट मंत्री के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। उत्तराखण्ड भाजपा सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद्र अग्रवाल द्वारा सड़क पर सरेआम एक युवक की पीटाई मामले को लेकर जिला व शहर कांग्रेस कमेटी हरिद्वार ने चन्द्राचार्य चौक पर कैबिनेट मंत्री प्रेमचन्द्र अग्रवाल और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए पूतला फूंका।
इस मौके पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव चौधरी ने कहा कि भाजपा के नेता व मंत्री सत्ता के मद में इतने चूर हो गए हैं कि अब निर्दाेष लोगों को सड़कों पर मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं। कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल द्वारा मंगलवार को ऋषिकेश में सुरेंद्र सिंह नेगी नाम के व्यक्ति के साथ की गई मारपीट की घटना को सरकार को गम्भीरता से लेना चाहिए और कैबिनेट मंत्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
शहर कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष अमन गर्ग ने कहा कि भाजपा के नेता बेलगाम हो चुके हैं, वह इंसान को इंसान नहीं समझ रहे हैं। जिस तरीके से भाजपा के कैबिनेट मंत्री द्वारा ऋषिकेश में सड़क पर एक निर्दाेष व्यक्ति के साथ मारपीट के बाद सत्ता की धौंस जमाते हुए उसको पुलिस के हवाले कर दिया, इससे पता चलता है कि भाजपा सरकार के मंत्री सत्ता के नशे में चूर हो गए हैं। ऐसे व्यक्ति को कैबिनेट मंत्री पद पर रहने का कोई अधिकार नहीं है। इसलिए मुख्यमंत्री से आग्रह है कि प्रेमचंद अग्रवाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराते हुए उनको मंत्री पद से तुरंत बर्खास्त किया जाना चाहिए।
एससीएसटी महानगर अध्यक्ष विपिन पेवल व जिला महामंत्री मनीष सैनी ने संयुक्त रूप से कहा कि जब तक भाजपा हाईकमान कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के खिलाफ कार्यवाही नहीं करते, तब तक कांग्रेस कार्यकर्ता लगातार भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते रहेगें। ब्लॉक अध्यक्ष जतिन हांडा, विकास चंद्र, अमित नौटियाल ने संयुक्त रूप से कहा कि प्रेमचंद अग्रवाल के खिलाफ तुरंत पुलिस कार्रवाई होनी चाहिए, इनका पहले भी विवादों से नाता रहा है। कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के खिलाफ कार्यवाही करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को एक मिसाल कायम करनी चाहिए कि जो भी कानून को अपने हाथ में लेगा, उसके खिलाफ कार्यवाही होगी।
प्रदर्शन के दौरान रियाजुल अली, ठाकुर रतन सिंह, शुभम जोशी, दिव्यांश अग्रवाल, समर्थ अग्रवाल, अमित नौटियाल, मस्सवर सलमानी, मास्टर मुरसलीन ,हाजी रानी, मोहम्मद आजम ,राजेंद्र जाटव ,विमल साहू आदि मौजूद रहे।