मुकेश वर्मा
हरिद्वार। हरिद्वार में परिवहन विभाग द्वारा नई वाहन पंजीकरण श्रृंखला यूके08 बीएम प्रारम्भ होते ही आकर्षक पंजीकरण नंबरों के लिए अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। ऑनलाइन ई-नीलामी में वाहन स्वामियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। जिसके परिणामस्वरूप कई पसंदीदा नंबरों पर लाखों रुपये की बोलियां लगीं। नई श्रृंखला के खुलते ही मिली जबरदस्त प्रतिक्रिया ने यह स्पष्ट कर दिया कि फैंसी नंबरों का आकर्षण लगातार बढ़ रहा है।
ई-नीलामी में यूके08 बीएम 0009 सबसे अधिक चर्चा का विषय रहा। जिसके लिए 5,40,000 की सर्वाधिक बोली प्राप्त हुई। इसके अतिरिक्त यूके08 बीएम 0001 के लिए 4,91,000, यूके08 बीएम 0007 के लिए 3,88,000, यूके08 बीएम 0008 के लिए 1,73,000, यूके08 बीएम 0002 के लिए 1,41,000 तथा यूके08 बीएम 9000 के लिए 91,000 की बोली लगी। वहीं 0005, 0006, 0004, 1111, 8888, 5555, 0101, 0099, 0077 तथा 0999 जैसे अन्य आकर्षक नंबरों के लिए भी लोगों ने उत्साहपूर्वक बोली लगाई।
फैंसी नंबरों की इस ई-नीलामी से परिवहन विभाग को उल्लेखनीय राजस्व प्राप्त हुआ है। यह न केवल राज्य सरकार की आय में महत्वपूर्ण योगदान है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि लोग अपनी पसंद और पहचान से जुड़े विशेष पंजीकरण नंबरों के लिए अतिरिक्त राशि खर्च करने को तैयार हैं। ऑनलाइन ई-ऑक्शन प्रणाली के कारण पूरी प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी, निष्पक्ष एवं सुविधाजनक रही।
सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन), हरिद्वार, निखिल शर्मा ने बताया कि नई श्रृंखला प्रारम्भ होते ही नागरिकों द्वारा फैंसी नंबरों के प्रति अत्यधिक उत्साह प्रदर्शित किया गया। परिवहन विभाग की ऑनलाइन ई-नीलामी व्यवस्था पूर्णतः पारदर्शी है तथा इच्छुक नागरिक निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपनी पसंद का पंजीकरण नंबर प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि फैंसी नंबरों से प्राप्त होने वाला राजस्व राज्य सरकार के लिए एक महत्वपूर्ण आय स्रोत है और भविष्य में भी इस प्रकार की ई-नीलामी नियमित रूप से आयोजित की जाती रहेगी।
