
*पूर्व विधायक और अभिनेत्री उर्मिला को लेकर उपजे विवाद को लेकर लिया निर्णय
*निष्कासित से पूर्व पार्टी ने दिया था कारण बताओ नोटिस, जबाब से संगठन नहीं था संतुष्ट
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। उत्तराखण्ड के भाजपा प्रदेश हाईकमान ने ज्वालापुर के पूर्व विधायक सुरेश राठौर के खिलाफ बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से छह वर्षों के लिए निष्कासित कर दिया है। पार्टी ने पूर्व विधायक के खिलाफ यह बड़ा कदम सहारनपुर की अभिनेत्री उर्मिला को लेकर उत्पन्न हुए घटनाक्रम और बाद में मीडिया के सामने आकर अभिनेत्री से दूसरी शादी की घोषणा के चलते उठाया गया है, जिससे संगठन की छवि पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था।

भाजपा के प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र बिष्ट की ओर से जारी निष्कासन पत्र में स्पष्ट किया गया है कि 23 जून को जारी कारण बताओ नोटिस के जवाब में दिए गए स्पष्टीकरण से पार्टी नेतृत्व संतुष्ट नहीं हुआ। पत्र में कहा गया कि सुरेश राठौर द्वारा लगातार पार्टी की मर्यादा एवं सामाजिक आचरण का उल्लंघन किया गया। इसके चलते प्रदेश अध्यक्ष के निर्देशानुसार उन्हें तत्काल प्रभाव से पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से छह वर्षों के लिए निष्कासित किया जाता है।

बताते चले कि ज्वालापुर के पूर्व विधायक सुरेश राठौर का सहारनपुर की फिल्म अभिनेत्री उर्मिला के साथ गहरा विवाद सार्वजनिक तौर पर साफ देखा गया था। अभिनेत्री द्वारा पूर्व विधायक के साथ कई वीडियों व तस्वीरे सोशल मीडया पर सार्वजनिक करते हुए उनको अपना पति घोषित किया गया था, लेकिन प्रारम्भ में पूर्व विधायक द्वारा अभिनेत्री के दलीलों को दरकिनार करते हुए अभिनेत्री पर गम्भीर आरोप लगाते हुए कोतवाली ज्वालापुर में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया गया था।
वहीं अभिनेत्री उर्मिला ने भी सहारनपुर में पूर्व विधायक के खिलाफ कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाते थे। जिसका खुद अभिनेत्री ने मीडिया के सामने आकर बखान किया था। अभिनेत्री और पूर्व विधायक के बीच चला विवाद किसी से छुपा नहीं है। भाजपा को घेरने का विपक्षी दल कांग्रेस को बड़ा मुद्दा हाथ लग गया। कांग्रेस पार्टी ने भी पूर्व विधायक को लेकर भाजपा के खिलाफ जो बयानबाजी की वह भी जग जाहिर है। जिससे कही ना कही भाजपा की छवि भी प्रभावित हो रही थी। इसी घटनाक्रम को देखते हुए भाजपा प्रदेश हाई कमान की ओर से बड़ा कदम उठाये जाने की बात कही जा रही है।