

कार जुर्स कंट्री से समीप छोटी नहर में गिरी, तीन की गयी जान
युवक की होनी थी आज सगाई
घटना में बचे तीन युवकों पर सस्पेंस बरकरार, घटना के बाद नहीं आये सामने
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। झारखण्ड से सगाई के लिए घर पहुंचे युवक की बीती रात दोस्तों के साथ बहादराबाद से पार्टी से लौटते वक्त उसकी कार जुर्स कंट्री के पास नहर में जा गिरी। घटना में कार में सवार तीन युवकों की मौत हो गयी। जिसकी सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। घटना से युवकों के घर में कोहराम मच गया। बताया जा रहा हैं कि कार में छः युवक सवार थे, जिनमें तीन युवक अपनी जान बचाने में कामयाब रहे, लेकिन घटना से घबरा कर वह मौके से फरार हो गये। जिनके सम्बंध् में अभी तक कुछ जानकारी हाथ नहीं लगी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार जाॅनी उर्फ उमाकांत उपाध्याय पुत्र आंनद उपाध्याय निवासी धीरवाली ज्वालापुर झांरखण्ड में टाटा मोटर्स में कार्यरत है। जोकि अपनी सगाई के लिए छुट्टी पर आया हुआ था। जिसकी सगाई शनिवार को होनी थी। इसलिए वह अपने दोस्तों को पार्टी देने के लिए अपनी ही कार से बीती रात बहादराबाद की ओर ले गया। बताया जा रहा हैं कि जब कार सवार सभी दोस्त पार्टी से लौट रहे थे। जब कार जुर्स कंट्री के समीप का पहुंची तो कार चालक अपना नियंत्रण खो बैठा और कार छोटी नहर में जा गिरी। कार में सवार युवकों ने लोगों से मदद के लिए शोर मचाया। बताया जा रहा हैं कि घटना स्थल के पास अधिक अंधेरा होने के कारण लोगों को कुछ नजर नहीं आ रहा था। घटना की जानकारी राहगिरों सहित आसपास के लोगों ने ज्वालापुर पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से कार में फंसे युवकों को निकालने का काम शुरू किया गया। पुलिस ने लोगों की मदद से तीन युवकों को गम्भीर हालत में निकाल कर उनको उपचार के लिए तत्काल नजदीक भूमानंद अस्पताल ले जाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने तीनों युवकों को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने तीनों शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मृतकों की पहचान प्रमोद चौहान पुत्र अशोक चौहान उम्र करीब 30 वर्ष, सचिन चौहान पुत्रा मदन चौहन उम्र करीब 34 वर्ष और जाॅनी उर्फ उमाकांत उपाध्याय पुत्र आनंद उपाध्याय उम्र करीब 30 वर्ष निवासीगण धीरवाली ज्वालापुर के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया। घटना की खबर लगते ही मृतकों के घरों में कोहराम मच गया और परिजन सहित पडौसी जिला अस्पताल की ओर दौड पड़े। चर्चा है कि कार में छः युवक सवार थे और तीन युवक अपनी जान बचाने में कामयाब रहे। लेकिन घटना से घबरा कर तीनों मौके से ही खिसक गये और किसी को भी घटना की जानकारी नहीं दी। पुलिस भी उन तीन युवकों की तलाश कर रही हैं जोकि घटना में बच गये। लेकिन समाचार लिखे जाने तक घटना में बचे युवकों की पहचान नहीं हो सकी है और ना ही वह सामने आये है। कोतवाली ज्वालापुर एसएसआई विक्रम भारद्वाज के अनुसार मृतक जाॅनी उर्फ उमाकांत झांरखण्ड में टाटा मोटर्स में नौकरी करता है। जिसकी सगाई शनिवार को होनी थी। इसलिए वह छुट्टी पर आया हुआ था। सगाई से एक दिन पूर्व वह दोस्तों को पार्टी देने के लिए अपनी ही कार से बहादराबाद की ओर ले गया। वहां से लौटते समय उनकी कार अनियंत्रित होकर छोटी नहर में जा गिरी। जिसमें तीन युवकों की मौत हो गयी। जबकि जानकारी मिल रही हैं कि कार में तीन नहीं बल्कि छः युवक सवार थे। जिनमें तीन अपनी जान बचाने में कामयाब रहे है। लेकिन डर की वजह से वह सामने नहीं आ रहे होगें। इस जानकारी में कितनी सच्चाई हैं यह तो कहा नहीं जा सकता। मगर चर्चा यही की जा रही है।
