♦नाबालिगो से चोरी की घटना कबूलवाने के लिए दुपट्टे से हाथ बांधकर मारपीट करने का आरोप
♦कम्पनी हेंड के मोबाइल से पुलिस ने किया चोरी के कबूलनामे का वीडियो बरामद
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। हरिद्वार के सिडकुल क्षेत्र में कार्तिक एंटरप्राइजेज कंपनी में दो नाबालिग युवतियों के आधार कार्ड में फेराफेरी कर उनको बालिग दर्शाते हुए बंधक बनाकर जबरन वेल्डिंग मशीन पर काम कराने के आरोप का मामला प्रकाश में आया है। आरोप हैं कि कम्पनी में चोरी की घटना को कबूलवाने के लिए दुपटे से हाथ बांधकर मारपीट करने तथा मोबाइल में इस कबूलनामे की वीडियों बनाई गई। इस घटना का खुलासा कम्पनी में काम करने वाली कुछ महिलाओं ने हिम्मत जुटाते हुए थाना सिडकुल में तहरीर देकर कंपनी हेड समेत अन्य के खिलाफ शिकायत की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी कम्पनी हेड को गिरफ्तार कर लिया। जबकि अन्य की तलाश की जा रही है।
थाना एसओ नितेश शर्मा ने बताया कि कार्तिक एंटरप्राइजेज कंपनी सिडकुल काम करने वाली कुछ महिलाओं ने 24 मार्च को थाना सिडकुल में तहरीर देकर शिकायत की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि कार्तिक एंटरप्राइजेज कंपनी के हेड रजनीश शर्मा व अन्य पर उनमें से दो युवतियों जो वास्तव में नाबालिग हैं, के आधार कार्ड में उम्र बढ़ाकर कंपनी में काम पर रखते हुए उनसे वेल्डिंग मशीन पर काम कराया जा रहा है। वहीं नाबालिगों को कम्पनी के कार्यालय में बुलाकर चोरी के आरोप में उनके दुपट्टे से हाथ बांध कर मारपीट करते हुए बेइज्जत किया गया।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज करते हुए कम्पनी हेड रजनीश शर्मा पुत्र महिपाल शर्मा निवासी रामपुर जेवर थाना जेवर जिला गौतम बुध नगर नोएडा हाल पता पीठ बाजार थाना बहादराबाद हरिद्वार को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया। पूछताछ के दौरान जब पुलिस ने आरोपी के मोबाइल फोन को खंगाला गया तो नाबालिगों के साथ हुई घटना से संबंधित वीडियो मिली। इसके साथ ही रिज्यूम फाइल चेक करने पर पीड़िताओं के मूल आधार कार्ड की फोटोकॉपी में उम्र को बढ़ाया जाना ज्ञात हुआ। पुलिस ने आरोपी कम्पनी हेड को गिरफ्तार कर लिया, वहीं अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी हैं।
