पुलिस प्रशासन की सख्ती के बावजूद हुआ जमकर इस्तेमाल
खौफ के साये में दो पहिया वाहन चालकों ने किया सफर
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। पुलिस प्रशासन के चाइनीज मांझे के खिलाफ सख्ती बरतने के बावजूद बंसत पंचमी पर चाइनीज मांझे का जमकर इस्तेमाल किया गया। जिसका शिकार कई लोगों को होना पड़ा। दो पाहिया वाहन चालकों को सड़कों पर सफर करते वक्त उनमें चाइनील मांझे का खौफ चेहरे पर साफ देखा गया। बसंत पंचमी पर चाइनीज मांझे की चपेट में आने से कई लोग जख्मी हो गये।

जिनमें एक बाइक सवार अपने परिवार के साथ शादी समारोह में शामिल होने के लिए रूड़की से देहरादून जा रहा था। ज्वालापुर हाईवे पर चाइनीज मांझे ने उसको अपनी चपेट में लेकर उसके चेहरे को बुरी तरह जख्मी कर दिया। गनीमत यह रही कि बाइक सवार ने अपने को संतुलित करते हुए बाइक को साइड में पार्क किया। बाइक सवार ने हैलमेट पहना हुआ था, तो काफी बचाव हो गया।
वहीं दूसरी घटना सिडकुल क्षेत्र में हुई। बाइक सवार अपने दोस्त के साथ हरकी पौड़ी आ रहा था। तभी रास्ते में चाइनीज मांझा उसके चेहरे पर आ जाने पर उसने हाथ से हटाने का प्रयास किया, तो उसकी उगुंली कट गयी। दोनों घायलों को उपचार के लिए मेला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के बाद उसको छुट्टी दे दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बंसत पंचमी पर शेर सिंह पुत्र सौरव सिंह निवासी रूड़की सुबह अपने बच्चों के साथ बाइक से शादी समारोह में शामिल होने के लिए देहरादून जा रहा था। बाइक सवार जब ज्वालापुर क्षेत्र हाईवे पर पहुंचा, तभी चाइनीज मांझा उसके चेहरे का जख्मी करता हुआ निकल गया। गनीमत यह रही कि बाइक सवार शेर सिंह ने अपना संतुलन नहीं खोया, वरना उसकी पत्नी व बच्चे को भी नुकसान हो सकता था। घायल को उपचार के लिए मेला अस्पताल ले जाया गया। जहां पर उसको उपचार के बाद छुट्टी दे दी गयी।
वहीं सिडकुल क्षेत्र में बाइक सवार एक युवक मोहम्मद निवासी महादेवपुरम सिडकुल हरिद्वार सिडकुल की फैक्ट्री में कार्यरत है। गणतंत्र दिवस पर फैक्ट्री की छुट्टी होने पर अपने मित्र के साथ हरकी पौड़ी क्षेत्र में जा रहा था। इसी दौरान बाइक चालक मोहम्मद चाइनीज मांझा की चपेट में आ गया, जिसने अपने गर्दन बचाने के चक्कर में उसकी उगुंली कट गयी। जिसको उपचार के लिए मेला अस्पताल लाया गया। जहां पर उसको उपचार के बाद छुट्टी दे दी।
इसी तरह की अन्य इलाकों में भी चाइनीज मांझे से लोगों के घायल होने की सूचना मिली है। लेकिन उन्होंने निजी हाॅस्पिटल में जाकर अपना उपचार कराया। जनपद हरिद्वार में पुलिस प्रशासन द्वारा चाइनीज मांझे के खिलाफ सख्ती बरतने के बावजूद चाइनीज मांझा का जनपद में जमकर इस्तेमाल किया गया।
