दोनों का एक—एक हाथ आपस में बंधे मिले,परिजनों को दी सूचना
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम को भेजा
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। कनखल थाना पुलिस ने क्षेत्र की नहर से वृद्ध दम्पति का शव बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक दोनों का एक—एक हाथ आपस में बंधा हुआ था। वृद्ध पुरूष के कपड़ों से आधार कार्ड पुलिस ने बरामद किये है। जिनके आधार पर मृतकों की पहचान बिजनौर निवासी के तौेर पर हुई है। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को भेज दी है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। परिजनों के पहुंचने पर ही मामले का खुलासा हो सकेगा।
कनखल थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश सिंह चौहान ने बताया कि सूचना पर पुलिस ने सिंहद्वार नहर पटरी के पास नहर से वृद्ध महिला और पुरुष का शव बरामद किया है। पुलिस ने दोनों शवों को नहर से बाहर निकाला, दोनों शवों के आपस में एक—एक हाथ बंधे हुए थे। मृतकों के कपड़ों से दोनों के आधार कार्ड बरामद हुए है। जिनक आधार पर मृतकों की पहचान राजकुमार सिंह पुत्र परमा उम्र 67 व चमनो देवी पत्नी राजकुमार सिंह कुमार 55 वर्ष निवासीगण महमूदा खादर बिजनौर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। पुलिस ने मामले की जानकारी सम्बंधित थाना पुलिस के माध्यम से उनके परिजनों को भेज दी है। सूचना पर परिजन बिजनौर से हरिद्वार के लिए रवाना हो गए। पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया। परिजनों के पहुंचने के बाद ही पूरे मामले से पर्दा उठ पाएगा।
