♦बांग्लादेशी महिला से बांग्लोदशी का मूल पासपोर्ट, नेशनल आईडी बरामद
♦वर्ष 2023 में सोशल मीडिया से बांग्लादेशी महिला श्यामदास के सम्पर्क में आई
♦श्यामदास के सलाह पर पहुंची थी भारत, दिल्ली में रहने के बाद हरिद्वार पहुंची
♦बांग्लादेशी महिला के मददगार श्यामदास ने हरिद्वार में फर्जी दस्तावेज कराये तैयार
♦फर्जी दस्तावेज आधार कार्ड, पेन कार्ड, ड्राइविंग लाईसेंस, भारतीय पासपोर्ट व मैरेज सर्टिफिकेट बरामद
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। कोतवाली ज्वालापुर पुलिस और अभिसूचना इकाई ने सत्यापन अभियान के दौरान वैष्णवी एन्क्लेव, निकट रामानन्द इन्सटिट्यूट ज्वालापुर के पास से अपनी पहचान छुपाकर हरिद्वार में रह रही बांग्लादेशी महिला सलेहा बेगम को उसके मददगार श्यामदास निवासी छत्तीसगढ के साथ गिरफ्तार किया है। जोकि हरिद्वार में अपना नाम बदलकर स्वीटी बनकर रह रही थी। पुलिस टीम ने बांग्लादेशी महिला सलेहा बेगम के पास से बांग्लादेश का मूल पासपोर्ट व नेशनल आईडी भी बरामद की है। पुलिस ने बांग्लादेशी महिला समेत उसके मददगार के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए पूछताछ की जा रही है। इस बात की जानकारी एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने गुरूवार को रोशनाबाद स्थित पुलिस कार्यालय के सभागार में पत्रकार वार्ता के दौरान दी।
उन्होंने बताया कि कोतवाली ज्वालापुर पुलिस और एलआईयू की संयुक्त टीम ज्वालापुर क्षेत्र में सत्यापन अभियान मेें जुटी थी। इसी दौरान पुलिस टीम को वैष्णवी एन्क्लेव, निकट रामानन्द इन्सटिट्यूट ज्वालापुर में रहने वाली एक संदिग्ध महिला पर शक होने पर उससे पूछताछ करते हुए उसके दस्तावेजों की जांच की तो मामले का खुलासा हुआ कि संदिग्ध महिला मूल रूप से बांग्लादेश की रहने वाली हैं और फर्जी दस्तावेजों की मदद से हरिद्वार में रह रही है।
कप्तान ने बताया कि बांग्लादेशी महिला ने पूछताछ के दौरान खुलासा किया कि उसका असल नाम सहेला बेगम निवासी कुमीला, बांग्लादेश है। पहले पति अमीर हमजा के द्वारा छोड़ देने और आर्थिक स्थिति खराब होने पर वर्ष 2023 में सोशल मीडिया के माध्यम से उसका संपर्क श्यामदास से हुआ था। जिसकी सलाह पर भारत पहुंची और 90 दिनों का स्टे समाप्त होने पर वह अपने दोस्त श्यामदास के साथ दिल्ली में रही।
एसएसपी ने बताया कि बांग्लादेशी महिला अपने मददगार के साथ कुछ समय बाद हरिद्वार आ गई, जहां बांग्लादेशी महिला ने श्यामदास की मदद से फर्जी दस्तावेज आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेन्स, भारतीय पासपोर्ट तथा मैरेज सर्टिफिकेट भी बनवा लिए। पुलिस ने बांग्लादेशी महिला व उसके मददगार के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। पुलिस टीम बांग्लोदेशी महिला और उसके मददगार से पूछताछ करने में जुटी है।


