♦पैर में गोली लगने के बाद गौ तस्कर गिरफ्तार, 315 बोर का तमंचा बरामद
♦घायल गौ तस्कर को उपचार के लिए रूडकी के सरकारी अस्पताल में कराया भर्ती
♦गौकशी की सूचना पर पुलिस ने की थी कार्यवाही, पुलिस को देखते ही तस्कर ने की थी फॉयरिंग
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। कोतवाली भगवानपुर क्षेत्र में बीती रात पुलिस और गौ तस्कर के बीच मुठभेड में एक तस्कर के पैर में गोली लगने के बाद उसको गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घायल तस्कर के पास से 315 बोर का एक तमंचा, दो खोखा कारतूस बरामद करते हुए उसको उपचार के लिए रूडकी के राजकीय अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने घटना स्थल के पास से पेड से बंधा एक बछडा और गौकशी में इस्तेमाल औजार बरामद किये है। मुठभेड की सूचना पर एसपी देहात समेत पुलिस अधिकारियों ने घटना स्थल का निरीक्षण करते हुए अस्पताल पहुंचकर चिकित्सक से घायल तस्कर के स्वास्थ्य की जानकारी जुटाई।
एसपी देहात अभय प्रताप सिंह के मुताबिक कोतवाली भगवानपुर पुलिस को बीती रात सूचना मिली कि गौकशी के मामले में वांछित छोटू पुत्र संसार उर्फ शमशाद निवासी ग्राम हलजोरा, आईटीआई तिराहे से मसाई जाने वाली सड़क के सामने आम के बाग में गौकशी की तैयारी कर रहा है। सूचना पर कोतवाली भगवानपुर प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आम के बाग में कांबिंग शुरू की। इसी दौरान पुलिस टीम को एक व्यक्ति पेड़ से बछड़े को बांधकर खड़ा दिखाई दिया।
उन्होंने बताया कि पुलिस टीम को देखकर तस्कर ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों द्वारा उसे आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी गई, लेकिन तस्कर ने दोबारा फायरिंग की गई। जिसपर पुलिस ने अपना बचाव करते हुए जबाबी कार्यवाही की गई। इस कार्यवाही में गौ तस्कर के पैर में गोली लगने के बाद उसको दबोच लिया। पुलिस ने उसके पास से 315 बोर का एक तमंचा, दो खोखा कारतूस बरामद किया।
पुलिस द्वारा घायल तस्कर को उपचार के लिए रूडकी के राजकीय हॉस्पिटल ले जाया गया। पुलिस टीम ने घटना स्थल के पास से गौकशी के लिए पेड से बंधा एक बछडा और गौकशी में इस्तेमाल औजार बरामद किये। उन्होंने बताया कि मुठभेड के दौरान गौ तस्कर लम्बे समय से फरार चल रहा था, जिसकी पुलिस सरगर्मी से तलाश में जुटी थी। गौ तस्कर के खिलाफ थाना बुग्गावाला और कोतवाली भगवानपुर में पूर्व में भी मुकदमे दर्ज है। पुलिस ने आरोपी गौ तस्कर के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया।








