♦कप्तान की अफसरों को दो टूक, सुरक्षा में चूक हुई तो होगी जवाबदेही तय
♦नए साल की पूर्व संध्या पर सड़कों पर तैनात होगा भारी पुलिस बल
♦हुड़दंगियों को हंगामा काटने वालों को पुलिस पढाएगी कानून का पाठ
♦एसपी नगर एवं देहात को सुरक्षा व्यवस्था बनाये रखने के दिये निर्देश
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। आगामी नव वर्ष के आयोजनों को सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए एसएसपी हरिद्वार प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए सभी थाना प्रभारियों और राजपत्रित अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक महत्वपूर्ण बैठक ली।
वीडियों कॉंफ्रेसिंग के जरिये एसएसपी ने जश्न के नाम पर सड़कों पर हुड़दंग मचानों वालों, स्टंटबाजों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा शहर के प्रमुख चौराहों और क्लबों व होटलों के बाहर बैरिकेटिंग करने के साथ-साथ ब्रीथ एनालाइजर के माध्यम से शराब पीकर वाहन चलाने वालों की चैकिंग करने के निर्देश दिये। वहीं एसएसपी ने आयोजन स्थलों (होटल, रेस्टोरेंट, पब) के मालिकों को अपनी निर्धारित क्षमता से अधिक लोगों को प्रवेश न देने के लिए निर्देशित किया गया है।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थलों पर पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे चालू हालत में हों साथ ही निजी सुरक्षा गार्डों को सख्त हिदायत दी जाए कि वे शालीनता से पेश आएं, लेकिन किसी भी विवाद की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचित करें। कप्तान ने महिला सुरक्षा सर्वाेपरि रखते हुए भीड़भाड़ वाले इलाकों और जश्न वाले स्थानों पर सादे कपड़ों में महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती करने के निर्देश देते हुए पुलिस अधीक्षक देहात एवं नगर को अपने-अपने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था की कमान सौंपी गई है, जो संवेदनशील स्थानो पर आवश्यकता अनुसार पुलिस बल नियुक्त करेंगे। नव वर्ष की पूर्व संध्या पर जारी किए गए ट्रैफिक प्लान को प्रभावी रूप से लागू करने के निर्देश दिये गये है।
